न्यूज़11 भारत
भोपाल/डेस्क: मध्य प्रदेश में BJP किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव को पद संभालने के महज एक दिन बाद ही हटा दिया गया. बताया जा रहा है कि उनके स्वागत में निकाले गए करीब 120 वाहनों के काफिले को पार्टी ने अनुशासनहीनता मानते हुए यह बड़ा कदम उठाया है. जानकारी के अनुसार, 13 मई को सज्जन सिंह यादव अपने समर्थकों के साथ ग्वालियर से भिंड तक लंबे वाहन काफिले के साथ पहुंचे थे. जिलाध्यक्ष बनाए जाने की खुशी में निकाली गई इस रैली में बड़ी संख्या में चारपहिया वाहन शामिल थे. हालांकि, यह प्रदर्शन पार्टी नेतृत्व को रास नहीं आया.
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने मामले को लेकर पत्र जारी करते हुए कहा कि इस तरह का काफिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा संरक्षण संबंधी अपील के विपरीत है. उन्होंने इसे संगठनात्मक अनुशासन का उल्लंघन बताते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर सज्जन सिंह यादव की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है. दरअसल, देश में बढ़ती तेल कीमतों और वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार ईंधन बचाने की अपील कर रहे हैं. पश्चिम एशिया में तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जुड़े हालात के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं. ऐसे समय में पार्टी नेताओं से भी सादगी और जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार की अपेक्षा की जा रही है.
ये भी पढ़ें- झारखंड ट्रेजरी घोटाले में ED की एंट्री का स्वागत है: चंपाई सोरेन