न्यूज़11 भारत
हजारीबाग/डेस्क: हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित दनुआ घाटी में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. घाटी के ढलान पर तेज रफ्तार वाहनों के अनियंत्रित होने से करीब 10 वाहन आपस में टकरा गए. हादसा इतना भयावह था कि कई ट्रक, कंटेनर और अन्य चारपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक वाहन के नियंत्रण खोने के बाद पीछे आ रहे कई वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए. हादसे के कारण घाटी में लंबा जाम लग गया और सड़क पर वाहनों की कतारें लग गई. घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी हैं. हादसे के बाद सड़क पर फैले मलबे और क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण कई घंटों तक यातायात बाधित रहा. पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटाने का काम शुरू किया, जिसके बाद धीरे-धीरे आवागमन सामान्य कराया गया.
यह भी पढ़े: रांची से 18 माह की मासूम अदिति लापता, सूचना देने वाले को मिलेगा 50 हजार का इनाम