अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी अनन्य मित्तल के निर्देश पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अर्चना सिन्हा ने गुरुवार देर शाम नगर ऊंटारी स्थित NGO संचालित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया. यह कार्रवाई जनता दरबार में प्राप्त शिकायत के आलोक में की गई, जिसे शिकायतकर्ता द्वारा उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया गया था. निरीक्षण के दौरान आश्रय गृह में कुल 6 वृद्धजन निवासरत पाए गए, जिनमें 2 महिलाएं एवं 4 पुरुष शामिल हैं. डीएसडब्ल्यूओ ने सभी बुजुर्गों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली. पूछताछ में सभी वृद्धजनों ने भोजन, आवास, चिकित्सा एवं देखभाल व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया तथा किसी प्रकार की शिकायत नहीं होने की बात कही.
इस अवसर पर डीएसडब्ल्यूओ ने कहा कि गढ़वा उपायुक्त के निर्देशानुसार आश्रय गृह का औचक निरीक्षण किया गया है. उन्होंने बताया कि यहां निवासरत सभी बुजुर्ग संतुष्ट पाए गए. साथ ही आश्रय गृह संचालक को निर्देश दिया गया कि बुजुर्गों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने हेतु दैनिक दिनचर्या चार्ट तैयार कर आश्रय गृह में प्रदर्शित किया जाए.निर्देशानुसार तैयार किए जाने वाले दैनिक चार्ट में सुबह 5:30 बजे जागरण से लेकर रात 9:00 बजे विश्राम तक की गतिविधियों का समय निर्धारित रहेगा, ताकि बुजुर्गों को नियमित एवं स्वस्थ जीवनशैली मिल सके. इसके अतिरिक्त आश्रय गृह भवन में आवश्यक रिपेयरिंग कार्य एवं सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरा इंस्टालेशन कराने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया. जिला प्रशासन द्वारा वृद्धजनों की देखभाल एवं कल्याण को लेकर निरंतर संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है.