न्यूज11 भारत
भरनो/डेस्क: भरनो प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार की शाम अचानक आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया.तेज हवा और बारिश के कारण कई जगहों पर नुकसान की खबर है.अमलीया अम्बाटोली गांव में एक विशालकाय इमली का पेड़ कार के ऊपर गिर गया, जबकि भरनो मुख्यालय स्थित स्कूल चौक के शिव मंदिर परिसर में जलजमाव होने से मंदिर में पानी घुसने लगा.जानकारी के अनुसार रांची निवासी कुलदीप तिर्की अपनी कार लेकर अमलीया अम्बाटोली गांव मेहमानी में आए हुए थे.
शुक्रवार की शाम वे कार में सवार थे,तभी अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया.इसी दौरान पास में स्थित एक विशाल इमली का पेड़ तेज हवा के कारण टूटकर सीधे उनकी खड़ी कार पर गिर पड़ा.पेड़ गिरते ही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.हालांकि राहत की बात यह रही कि कार में सवार कुलदीप तिर्की बाल-बाल बच गए और उन्हें किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई.घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद पेड़ की बड़ी-बड़ी डालियों को काटकर कार को बाहर निकाला गया.ग्रामीणों ने बताया कि यदि पेड़ सीधे चालक की ओर गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था.
साथ ही इस आंधी तूफान में 4 बिजली के पॉल भी गिर गए,जिससे बिजली आपूर्ति बंद हो गई.वहीं दूसरी ओर भरनो मुख्यालय में भी तेज बारिश के कारण जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई.एनएच-23 रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर स्थित स्कूल चौक के शिव मंदिर परिसर में पानी भर गया और धीरे-धीरे मंदिर के अंदर भी पानी घुसने लगा.इससे मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई.बाद में स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर पानी निकासी की व्यवस्था की और मंदिर परिसर से पानी बाहर निकाला.ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान आरकेडी कंपनी द्वारा मंदिर के पास समुचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई.
नाली या पानी निकासी का रास्ता नहीं छोड़े जाने के कारण बारिश का पानी सड़क किनारे जमा होकर मंदिर परिसर में प्रवेश करने लगा.लोगों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से जल्द स्थायी जल निकासी व्यवस्था करने की मांग की है.तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण क्षेत्र में कई जगह पेड़ गिरने,बिजली आपूर्ति प्रभावित होने तथा लोगों को आर्थिक नुकसान होने की भी सूचना है.ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.