अजीत कुमार/न्यूज11 भारत
लातेहार/डेस्क: लातेहार जिले में शुक्रवार को तेज आंधी, बारिश और वज्रपात ने भारी तबाही मचाई. अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए. मनिका थाना क्षेत्र के कुई गांव निवासी चंदन कुमार यादव (31) की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई. बताया गया कि वह मनिका बाजार से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक अपने पीछे पत्नी समेत चार छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है. सीओ अमन कुमार ने बताया कि सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिलाया जाएगा. वहीं सदर प्रखंड पांडेय पुरा के रेहल गांव में वज्रपात से नरेंद्र उरांव (40) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के समय दोनों घर में मौजूद थे.
घायल महिला का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. नरेंद्र उरांव अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं. इधर शहर के बानपुर मोहल्ला स्थित खरवार टोला में तेज आंधी के दौरान एक विशाल सूखा पेड़ मंटू भुईयां के घर पर गिर पड़ा. हादसे में अंकुश कुमार, विनीता देवी और प्रसाद भुईयां घायल हो गए. प्रसाद भुईयां का हाथ टूट गया, जबकि अन्य को भी गंभीर चोटें आई हैं. स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की मदद से घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. बाद में नगर पंचायत की टीम ने जेसीबी से पेड़ हटाया. लगातार हो रही प्राकृतिक घटनाओं से जिले में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है.
वहीं लातेहार जिला के बालूमाथ प्रखंड अंतर्गत भगिया ग्राम के चिरचिरैया टोला में वज्रपात होने से सरसोया देवी पति रामेश्वर गंझु घायल हो गई.वहीं घर पर बंद बकरा बकरी में तीन की मौत दो घायल हैं. बताया जाता है कि शुक्रवार अहले शाम तेज बरसात के साथ हुई वज्रपात से महिला घायल हो गई जिनका प्राथमिक उपचार भगिया उप स्वास्थ्य केंद्र में किया गया.वहीं घर में बधे तीन बकरा का मृत्यु हो गया एवं दो बकरा घायल हो गया है. जिसकी जानकारी मिलते ही जिला परिषद सदस्य प्रियंका कुमारी मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और प्रखंड के वरीय पदाधिकारी को जानकारी देकर हर संभव मदद का आश्वासन दिया. मौके पर जिप सदस्य ने वज्रपात से बचाव के लिए कई सुझाव दिए. इस दौरान जुगेश्वर टाना भगत रामेश्वर गंझु सरसोया देवी संदीप राम सुनील भगत मुन्ना मुंडा समस्त ग्रामीण मौजूद रहे.