न्यूज11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह के दिशा निर्देश में 14 मई 2026 को अनुमंडल पदाधिकारी सिमडेगा प्रभात रंजन ज्ञानी की अध्यक्षता में सिमडेगा हेरिटेज सेंटर-सह-म्यूजियम की कार्यकारिणी एवं प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में हेरिटेज सेंटर-सह-म्यूजियम के सुचारू संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, आगंतुकों की सुविधाओं के विस्तार, पुस्तकालय विकास, सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.
बैठक में समिति ने स्पष्ट किया कि सिमडेगा हेरिटेज सेंटर-सह-म्यूजियम जिले की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है और इसे जिले की पहचान के रूप में विकसित करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे. समिति के सदस्यों ने म्यूजियम को पर्यटन, संस्कृति एवं ज्ञान के केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में योजनाबद्ध कार्य करने पर बल दिया.
बैठक के दौरान म्यूजियम संचालन समिति के कार्यों की समीक्षा की गई. इस अवसर पर जानकारी दी गई कि झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा म्यूजियम परिसर का संचालन किया जा रहा है. समिति ने महिला समूहों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाए रखा गया है, जिससे आगंतुकों को बेहतर वातावरण प्राप्त हो रहा है.
समिति ने निर्णय लिया कि हेरिटेज सेंटर-सह-म्यूजियम परिसर की साफ-सफाई, लॉन की देखभाल एवं आगंतुकों की मूलभूत सुविधाओं का संचालन महिला स्वयं सहायता समूह के माध्यम से ही किया जाएगा. जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जेएसएलपीएस को महिला समूहों के कार्यों का अनुश्रवण, पर्यवेक्षण एवं मार्गदर्शन देने की जिम्मेदारी सौंपी गई.
बैठक में म्यूजियम परिसर में पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. समिति ने कहा कि हेरिटेज सेंटर-सह-म्यूजियम के सामने स्थित खाली भूमि का उपयोग पार्किंग स्थल के रूप में किया जाएगा. पार्किंग के लिए दोपहिया वाहनों से ₹5 तथा तीन एवं चार पहिया वाहनों से ₹10 प्रतिदिन शुल्क लिया जाएगा. वहीं आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग सुविधा रात्रि 8 बजे तक उपलब्ध रहेगी. समिति ने यह भी निर्णय लिया कि पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए निर्धारित शुल्क प्रणाली लागू की जाएगी. पार्किंग से प्राप्त होने वाली राशि महिला स्वयं सहायता समूह के पास जमा होगी.
बैठक में आगंतुकों की सुरक्षा एवं म्यूजियम की वस्तुओं के संरक्षण को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई. समिति ने निर्णय लिया कि म्यूजियम में एक महिला गार्ड एवं एक पुरुष गार्ड की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, जो प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे. इसके अतिरिक्त अनुमंडल पदाधिकारी सिमडेगा को पुलिस अधीक्षक सिमडेगा से समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई.
समिति ने म्यूजियम में अनुशासन एवं संरक्षण को लेकर सख्त नियम लागू करने का भी निर्णय लिया. बैठक में तय किया गया कि म्यूजियम की किसी भी वस्तु को छूने, बैरिकेडिंग पार करने अथवा किसी भी सामग्री को नुकसान पहुंचाने पर ₹50 का जुर्माना लगाया जाएगा. वहीं परिसर में गंदगी फैलाने अथवा म्यूजियम को नुकसान पहुंचाने पर ₹100 का दंड वसूला जाएगा. साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि म्यूजियम देखने आने वाले सभी आगंतुक अपने बैग एवं अन्य सामान को बाहर बने काउंटर में जमा करेंगे, जिसकी देखरेख महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा की जाएगी.
बैठक में म्यूजियम के संचालन समय को लेकर भी निर्णय लिया गया. समिति ने निर्धारित किया कि हेरिटेज सेंटर-सह-म्यूजियम प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होगा. आवश्यकता पड़ने पर मौसम एवं परिस्थितियों के अनुसार समय में बदलाव उप विकास आयुक्त-सह-सचिव द्वारा किया जा सकेगा. प्रत्येक सोमवार को म्यूजियम बंद रहेगा.
आगंतुकों की संख्या बढ़ाने को लेकर भी समिति ने व्यापक रणनीति तैयार की. बैठक में निर्णय लिया गया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, डिजिटल माध्यमों एवं अन्य प्रचार-प्रसार के साधनों के जरिए हेरिटेज सेंटर-सह-म्यूजियम का व्यापक प्रचार किया जाएगा. समिति ने कहा कि सिमडेगा की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं जनजातीय विरासत को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रचार-प्रसार आवश्यक है.
बैठक में म्यूजियम परिसर स्थित पुस्तकालय के विकास को लेकर भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. समिति ने निर्णय लिया कि पुस्तकालय में पुस्तकों की संख्या बढ़ाई जाएगी तथा पौराणिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक ग्रंथों का संग्रह किया जाएगा. समिति का उद्देश्य पुस्तकालय को ज्ञान, शोध एवं संस्कृति का समृद्ध केंद्र बनाना है ताकि विद्यार्थी, शोधकर्ता एवं आम नागरिक इसका लाभ उठा सकें.
पुस्तकालय की आजीवन सदस्यता शुल्क ₹500 तथा वार्षिक सदस्यता शुल्क ₹100 प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया. जिन सदस्यों के पास लाइफटाइम अथवा वार्षिक सदस्यता होगी, वे पुस्तकालय का नि:शुल्क उपयोग कर सकेंगे. पुस्तकालय से पुस्तक बाहर ले जाने की स्थिति में सुरक्षा राशि के रूप में पुस्तक की आधी कीमत अथवा न्यूनतम ₹500 जमा करना अनिवार्य होगा. पुस्तक वापस करने पर जमा राशि वापस कर दी जाएगी. समिति ने यह भी निर्णय लिया कि पुस्तकालय एवं अन्य आय का लेखा-जोखा अनुमंडल पदाधिकारी सिमडेगा के माध्यम से अलग खाते में संधारित किया जाएगा.
बैठक में म्यूजियम परिसर स्थित “पलाश दीदी कैफे” के संचालन की भी समीक्षा की गई. समिति ने कैफे से जुड़ी महिला समूहों को निर्देश दिया कि स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों की विविधता बढ़ाई जाए ताकि आगंतुकों को स्थानीय खान-पान एवं संस्कृति का बेहतर अनुभव मिल सके. समिति ने कहा कि इससे स्थानीय व्यंजनों को बढ़ावा मिलेगा तथा महिलाओं के स्वरोजगार को भी प्रोत्साहन प्राप्त होगा. कैफेटेरिया से प्राप्त आय महिला स्वयं सहायता समूह के पास जमा होगी.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि हेरिटेज सेंटर-सह-म्यूजियम के बाहर स्थित लॉन एवं बैठक स्थल को अस्थायी उपयोग हेतु अनुमंडल पदाधिकारी सिमडेगा द्वारा उपलब्ध कराया जा सकेगा. इसके लिए ₹100 प्रति घंटा की दर से किराया निर्धारित किया गया है. समिति ने स्पष्ट किया कि अनुमति प्राप्त व्यक्ति किसी प्रकार का स्थायी निर्माण कार्य नहीं करेंगे तथा आयोजन के दौरान स्वच्छता बनाए रखना अनिवार्य होगा.
समिति ने म्यूजियम में प्रवेश शुल्क भी निर्धारित किया. निर्णय के अनुसार प्रति व्यक्ति ₹10 प्रवेश शुल्क लिया जाएगा, जबकि 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का प्रवेश नि:शुल्क होगा. स्कूल यूनिफॉर्म में आने वाले विद्यार्थियों को भी नि:शुल्क प्रवेश दिया जाएगा ताकि बच्चों में इतिहास एवं संस्कृति के प्रति रुचि विकसित हो सके.
बैठक में उपायुक्त-सह-अध्यक्ष द्वारा प्रबंधन समिति में भाषा एवं संस्कृति विशेषज्ञ सदस्य के रूप में लेखिका श्रीमती वंदना टेटे एवं प्रोफेसर डॉ. अनुज लुगुन को नामित किया गया. वहीं कार्यकारिणी समिति हेतु विशेषज्ञ सदस्य के रूप में अधिवक्ता श्री प्रभात कुमार श्रीवास्तव एवं पत्रकार श्री आशीष शास्त्री को नामित किया गया.
बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों ने सिमडेगा हेरिटेज सेंटर-सह-म्यूजियम को जिले की सांस्कृतिक पहचान एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया. बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी समीर रेनियर खालखो, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस शांति मार्डी, अधिवक्ता प्रभात कुमार श्रीवास्तव, पत्रकार आशीष शास्त्री सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: सेवानिवृत्त शिक्षक गरभु कुमार मंडल का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर