ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत
चंदनकियारी/डेस्क: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर आमलाबाद ओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता आमलाबाद ओपी प्रभारी अमरजीत कुमार सिंह ने की. बैठक में मुख्य रूप से चंदनकियारी के अंचल अधिकारी रवि कुमार आनंद उपस्थित रहे. इसके अलावा मोहाल, मानपुर, बिरुबांध, आमलाबाद बाजार एवं बस्ती क्षेत्र की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण शामिल हुए.
बैठक के दौरान सीओ रवि कुमार आनंद ने दुर्गा पूजा को लेकर पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने सभी पूजा समितियों को अपने-अपने दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने पर भी जोर दिया गया.
उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों एवं मंदिर परिसरों में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैरियर लगाकर आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भीड़ के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो.
बैठक में मानपुर गांव में विसर्जन के दौरान जमीन से संबंधित विवाद का मामला भी सामने आया. इस पर अंचल अधिकारी ने बताया कि अमीन के माध्यम से स्थल की नापी कराकर मामले का समाधान कराया जाएगा.
वहीं, दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा. साथ ही रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाने पर भी रोक रहेगी. प्रशासन एवं पुलिस की ओर से पूजा के दौरान नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की बात कही गई.
पूजा समितियों के सदस्यों ने बिजली, पानी एवं सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अपनी-अपनी बातें रखीं. इस पर ओपी प्रभारी अमरजीत कुमार सिंह ने आश्वासन दिया कि पूजा के दौरान प्रमुख पूजा पंडालों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. महिलाओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी व्यवस्था की जाएगी.
ओपी प्रभारी ने कहा कि पूजा के दौरान शराब पीकर हुड़दंग करने वालों एवं शांति व्यवस्था भंग करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने पूजा समितियों एवं ग्रामीणों से प्रशासन और पुलिस का सहयोग करते हुए शांतिपूर्ण माहौल में पूजा संपन्न कराने की अपील की.
बैठक में AsI रवि कुमार, मुखिया राजेश ठाकुर, समिति सदस्य भरत चंद्र माहथा, नीतीश शेखर, अशोक दासंधि, बामापौधों सहिस, रामधनी यादव, धनंजय ठाकुर, कोमल ओझा, विजय सिंह, मिथुन ओझा, रामेश्वर टुडू, गोरखनाथ धामी समेत विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य एवं ग्रामीण मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: चंदवा थाना क्षेत्र और निकट के लोहरदगा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग हादसों में आधा दर्जन घायल, गंभीर तीन घायल रेफर