विशेष गहन पुनरीक्षण

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में SIR के तहत फॉर्म-6 डिजिटाइजेशन कैम्प का किया निरीक्षण

Home to Roll सत्यापन और दिव्यांग मतदाताओं के घर पहुंचकर ली जानकारी

By : News11 Bharat , Pramod Kumar
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में SIR के तहत फॉर्म-6 डिजिटाइजेशन कैम्प का किया निरीक्षण

संतोष कुमार/न्यूज11 भारत

सरायकेला/डेस्क: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने 50-ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, कुकड़ू एवं पंचायत सचिवालय, बेरासीसिरूम में संचालित फॉर्म-6 डिजिटाइजेशन कैम्प एवं नोटिस डिजिटाइजेशन कैम्प का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने दोनों कैम्पों में संचालित कार्यों का टेबलवार निरीक्षण कर संबंधित प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों से कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की.

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने फॉर्म-6 डिजिटाइजेशन कैम्प के माध्यम से प्राप्त फॉर्म-6 एवं संबंधित दस्तावेजों के डिजिटाइजेशन एवं सत्यापन की स्थिति की जानकारी ली. साथ ही नोटिस डिजिटाइजेशन कैम्प में नोटिस से संबंधित दस्तावेजों एवं विवरण के डिजिटाइजेशन तथा सत्यापन कार्य की भी समीक्षा की. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण करने का निर्देश दिया.

उन्होंने निर्देश दिया कि BLO द्वारा घर-घर जाकर संबंधित पात्र नागरिकों से आवश्यक दस्तावेज BLO App के माध्यम से संकलित किए जाएं तथा प्राप्त दस्तावेजों एवं विवरण का संबंधित कैम्प में नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित किया जाए. नोटिस से संबंधित दस्तावेजों एवं विवरणों को भी नोटिस डिजिटाइजेशन कैम्प के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप डिजिटाइज एवं सत्यापित करने का निर्देश दिया गया. उन्होंने दोनों प्रक्रियाओं में दस्तावेजों की जांच एवं विवरणों की प्रविष्टि पूर्ण सावधानी के साथ करने को कहा.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने शत-प्रतिशत योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने तथा कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को दिया.

उन्होंने कहा कि फॉर्म-6 डिजिटाइजेशन कैम्प एवं नोटिस डिजिटाइजेशन कैम्प के माध्यम से संचालित सभी कार्यों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. हेल्पडेस्क के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का भी नियमानुसार समयबद्ध निष्पादन किया जाए. साथ ही 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नवयुवा एवं अन्य पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए विभिन्न माध्यमों से जागरूक एवं प्रेरित किया जाए.

Home to Roll सत्यापन के तहत मतदाताओं के घर पहुंचकर मतदाता सूची की स्थिति की ली गई जानकारी

निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त द्वारा Home to Roll गतिविधि का भी निरीक्षण किया गया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न मतदाताओं के घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने यह भी जानकारी प्राप्त की कि परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र/बूथ से संबंधित मतदाता सूची में दर्ज है अथवा नहीं.

जहां परिवार के किसी सदस्य का नाम अलग-अलग मतदान केंद्र से संबंधित पाया गया अथवा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन की आवश्यकता थी, वहां संबंधित प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं बीएलओ को आवश्यकतानुसार फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता विवरण में संशोधन एवं स्थानांतरण संबंधी प्रक्रिया के बारे में नागरिकों को जानकारी उपलब्ध कराने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि Home to Roll सत्यापन के दौरान परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में सही विवरण एवं संबंधित मतदान केंद्र के साथ दर्ज हों, इसका विशेष ध्यान रखा जाए. नागरिकों को मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी उपलब्ध कराई जाए.

दिव्यांग एवं 70 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के घर जाकर दस्तावेजों के सत्यापन की होगी विशेष व्यवस्था

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने बताया कि SIR-2026 के तहत 12 अक्टूबर से 16 अक्टूबर के बीच दिव्यांग (PwD) एवं 70 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए BLO द्वारा उनके घर जाकर आवश्यक दस्तावेज BLO App के माध्यम से प्राप्त किए जाएंगे. संबंधित दस्तावेजों एवं विवरणों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन किया जाएगा.

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं BLO को निर्देश दिया कि दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालय अथवा कैम्प तक आने में कठिनाई न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन्हें आवश्यक सहयोग एवं सुविधा उपलब्ध कराई जाए.

इसके अतिरिक्त वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों, अनाथ एवं निराश्रित व्यक्तियों तथा सेक्स वर्कर्स के लिए 12 अक्टूबर से 16 अक्टूबर के बीच संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों द्वारा विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे. इन विशेष कैम्पों के माध्यम से संबंधित पात्र व्यक्तियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने एवं आवश्यक निर्वाचन सेवाओं से संबंधित जानकारी एवं सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.

झारखण्ड बालिका आवासीय विद्यालय, कुकड़ू एवं राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय तिरुलडीह में ELC गतिविधि आयोजित

निरीक्षण कार्यक्रम के क्रम में झारखण्ड बालिका आवासीय विद्यालय, कुकड़ू तथा राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय, तिरुलडीह में Electoral Literacy Club (ELC) के माध्यम से निर्वाचन संबंधी जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया. दोनों विद्यालयों में फॉर्म-6 डिजिटाइजेशन कैम्प भी लगाया गया, जिसके माध्यम से पात्र विद्यार्थियों एवं अन्य योग्य नागरिकों को फॉर्म-6 भरने एवं मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई गई.

ELC गतिविधि के दौरान किशोरियों एवं विद्यार्थियों को चुनाव एवं मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता के अधिकार एवं दायित्व तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई. विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों एवं पात्र युवाओं को फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया.

इस दौरान विद्यार्थियों को फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 से संबंधित प्रावधानों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई. साथ ही निर्वाचन सेवाओं के ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से आवेदन करने की प्रक्रिया के संबंध में भी विस्तार से बताया गया.

कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता सहित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया. निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान के महत्व एवं जागरूक मतदाता से संबंधित विषयों पर विद्यार्थियों को जानकारी दी गई. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं किशोरियों को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त द्वारा सम्मानित किया गया.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक मतदाता बनें तथा अपने परिवार एवं आसपास के पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें. उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवा फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें.

उन्होंने बताया कि विद्यालयों में फॉर्म-6 डिजिटाइजेशन कैम्प की प्रक्रिया को आगे भी जारी रखा जाएगा तथा जिले के अन्य विद्यालयों में भी फॉर्म-6 डिजिटाइजेशन कैम्प आयोजित किए जाएंगे, ताकि छूटे हुए पात्र नागरिकों एवं नवयुवा मतदाताओं को फॉर्म-6 भरने एवं मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.

दिव्यांग मतदाता के घर पहुंचकर SIR प्रक्रिया के सत्यापन एवं सुविधाओं की ली गई जानकारी

निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने तिरुलडीह पंचायत के गुड़लीडीह ग्राम में दिव्यांग मतदाता श्रीमती दामिनी देवी के घर पहुंचकर SIR प्रक्रिया के तहत किए गए सत्यापन की स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने मतदाता से बातचीत कर निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा उनकी आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली.

उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि दिव्यांगता के आधार पर श्रीमती दामिनी देवी को उनकी सुविधा एवं आवश्यकता के अनुरूप बैसाखी अथवा ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. साथ ही उन्हें पात्रतानुसार अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

10 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित होगा मेगा हेल्पडेस्क कैम्प

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने बताया कि SIR-2026 के तहत नागरिकों की सुविधा एवं लंबित कार्यों के निष्पादन के लिए आगामी 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर ‘मेगा हेल्पडेस्क कैम्प’ का आयोजन किया जाएगा. वर्तमान में जिले के सभी प्रखंडों में विभिन्न निर्धारित केंद्रों पर फॉर्म-6 डिजिटाइजेशन कैम्प एवं नोटिस डिजिटाइजेशन कैम्प संचालित किए जा रहे हैं, ताकि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने एवं निर्वाचन संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं के संबंध में आवश्यक सहायता उपलब्ध हो सके.

उन्होंने आम नागरिकों एवं पात्र नवयुवा मतदाताओं से अपील की कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूर्ण करें तथा निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें.

निरीक्षण के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कुकड़ू श्रीमती राजश्री बाखला, अंचल अधिकारी, कुकड़ू श्री अभय कुमार द्विवेदी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, बीएलओ एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें: चांडिल थाना क्षेत्र में अवैध शराब के विरुद्ध उत्पाद विभाग की छापेमारी, एक अवैध चुलाई अड्डा ध्वस्त

 

संबंधित सामग्री

चतरा: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने डिजिटाइजेशन कैंप का किया निरीक्षण, कहा- 'नोटिस का मतलब लिस्ट से नाम कटना नहीं'

चतरा: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने डिजिटाइजेशन कैंप का किया निरीक्षण, कहा- 'नोटिस का मतलब लिस्ट से नाम कटना नहीं'

निरीक्षण के बाद चतरा परिसदन भवन में उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी रवि आनंद व अन्य अधिकारियों के साथ अहम समीक्षा बैठक <br/>

वन्यप्राणी सप्ताह पर दलमा में विधायक सविता महतो ने रजनी व बादल हाथियों का केक काटकर मनाया जन्मदिन

वन्यप्राणी सप्ताह पर दलमा में विधायक सविता महतो ने रजनी व बादल हाथियों का केक काटकर मनाया जन्मदिन

विधायक सविता महतो ने कहा कि रजनी व बादल के संरक्षण और देखरेख के लिए वन विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय है

चांडिल बांध विस्थापितों की 15 सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना, तीन माह का अल्टीमेटम

चांडिल बांध विस्थापितों की 15 सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना, तीन माह का अल्टीमेटम

धरना के माध्यम से चांडिल बांध के विस्थापितों की लंबे समय से लंबित समस्याओं को संबंधित विभागों एवं प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया

गढ़वा जिले में चल रही SIR प्रक्रिया की प्रगति का प्रमंडलीय आयुक्त ने लिया जायजा, डिजिटाइजेशन का किया औचक निरीक्षण

गढ़वा जिले में चल रही SIR प्रक्रिया की प्रगति का प्रमंडलीय आयुक्त ने लिया जायजा, डिजिटाइजेशन का किया औचक निरीक्षण

80-गढ़वा एवं 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न केंद्रों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश

CISF एनके एरिया व पिपरवार की टीम की बड़ी कार्रवाई, दो ट्रकों में लदे लगभग 80 टन अवैध कोयला जब्त

CISF एनके एरिया व पिपरवार की टीम की बड़ी कार्रवाई, दो ट्रकों में लदे लगभग 80 टन अवैध कोयला जब्त

बुढ़मू क्षेत्र में अवैध कोयला तस्करी व परिवहन के खिलाफ मंगलवार रात्रि सीआईएसएफ एनके एरिया व पिपरवार की टीम ने बड़ी करवाई करते हुए दो ट्रकों में लदे लगभग 80 टन अवैध कोयला जब्त किया है.