न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: धनबाद में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में उच्चस्तरीय बैठक हुई. बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और विधि-व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए हैं. इस दौरान पूजा पंडालों में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध को लेकर बड़ा फैसला लिया गया. पूजा पंडाल और विसर्जन जुलूस में डीजे पर पूरी तरह रोक रहेगी. लाउडस्पीकर का इस्तेमाल निर्धारित समय और ध्वनि सीमा के भीतर ही किया जा सकेगा.
वहीं, सुरक्षा और स्वच्छता के मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने वाली पूजा समितियों को नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा. उत्कृष्ट पंडालों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रथम पुरस्कार ₹51 हजार, द्वितीय ₹41 हजार, तृतीय ₹31 हजार और चौथे से दसवें स्थान तक ₹11-11 हजार का नकद पुरस्कार दिया जाएगा.
प्रशासन ने सभी पूजा समितियों के लिए सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए अंडरटेकिंग देना अनिवार्य कर दिया है. हर पंडाल के लिए अग्निशमन, भवन प्रमंडल और विद्युत विभाग से NOC लेना जरूरी होगा. पंडाल में अग्निशामक यंत्र, बालू की बाल्टियां, फर्स्ट एड बॉक्स और बिजली के वैकल्पिक इंतजाम रखने होंगे.
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, वेंटिलेशन और खोया-पाया केंद्र बनाना होगा. पर्याप्त संख्या में आई-कार्ड वाले वॉलंटियर तैनात किए जाएंगे. सभी पंडालों में इंटरनेट से जुड़े CCTV कैमरे और LED स्क्रीन लगाना अनिवार्य होगा, जबकि प्रशासन ड्रोन के जरिए भी निगरानी करेगा.
विसर्जन स्थलों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग, नाव, प्रशिक्षित गोताखोर, वॉच टावर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था रहेगी. विसर्जन वाहनों के चालकों के लिए वैध लाइसेंस अनिवार्य होगा और रास्ते में किसी वाहन के खराब होने की स्थिति से निपटने के लिए क्रेन भी तैनात रहेगी.
पूजा के दौरान शहर में जाम से राहत दिलाने के लिए गोविंदपुर चौक समेत प्रमुख चौक-चौराहों से अतिक्रमण हटाया जाएगा. वहीं, पंडालों और मुख्य सड़कों की मरम्मत के साथ जर्जर और लटकते बिजली के तारों को भी दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है.
स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है. अस्पताल, CHC और PHC में जरूरी दवाइयां, एंबुलेंस और बेड उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं. पूजा पंडालों में मेडिकल टीम की व्यवस्था होगी. वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग पंडालों के आसपास लगने वाले फूड स्टॉलों की जांच करेगा और मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वालों पर कार्रवाई की जाएगी.
एसएसपी ने महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए हैं. सोशल मीडिया पर अफवाह और आपत्तिजनक पोस्ट पर नजर रखने के लिए विशेष साइबर मॉनिटरिंग सेल भी सक्रिय रहेगा.
धनबाद में इस बार दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा, अनुशासन और स्वच्छता पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी सतर्क रहने, संदिग्ध वस्तु को न छूने और किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 या नजदीकी पुलिसकर्मी को सूचना देने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर: बिंदल मॉल में फायरिंग करने वाले शूटर्स का हाफ एनकाउंटर, देर रात मरीन ड्राइव के पास हुई मुठभेड़