राहुल सिंह/न्यूज़11 भारत
रामगढ़/डेस्क: रामगढ़ जिले में आगामी 24 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच होने वाली होमगार्ड बहाली को लेकर युवाओं और महिलाओं में जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है. कुल 284 पदों के लिए आयोजित होने वाली इस बहाली प्रक्रिया से पहले एक डिफेंस एकेडमी द्वारा 1600 मीटर दौड़ का ट्रायल आयोजित किया गया. इस ट्रायल में सबसे खास बात यह रही कि कई महिलाएं पारंपरिक साड़ी पहनकर ही मैदान में उतर पड़ीं और पूरी ऊर्जा के साथ दौड़ पूरी की.
आपको बता दें कि इस बहाली में आधी आबादी का बड़ा प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है. कुल सीटों में से 50 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जबकि विधवा और तलाकशुदा महिलाओं के लिए अलग से 5 प्रतिशत अतिरिक्त आरक्षण का प्रावधान रखा गया है. मैदान में दौड़ती ये महिलाएं साबित कर रही हैं कि मजबूरी या घरेलू परिधान उनकी लगन के आगे बाधा नहीं बन सकते.
1600 मीटर की कड़ी दौड़ में साड़ी पहनकर हिस्सा लेती इन महिलाओं का हौसला देख मैदान में मौजूद हर कोई दंग रह गया. रामगढ़ में होने वाली होमगार्ड बहाली को लेकर ग्रामीण और शहरी इलाकों की महिलाएं दिन-रात पसीना बहा रही हैं, 24 अक्टूबर से शुरू हो रही इस बहाली में महिला सशक्तिकरण की एक अनोखी तस्वीर देखने को मिल रही है, जहां सामाजिक और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच महिलाएं खाकी पहनने का अपना सपना पूरा करने में जुटी हैं.