न्यूज़11 भारत
जमशेदपुर/डेस्क: जिले के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में फायरिंग करने वाले अपराधियों और पुलिस के बीच कल मंगलवार रात मरीन ड्राइव के पास मुठभेड़ हुई, जिसमे दोनों ही तरफ से तीन-तीन राउंड गोलियां चलाई गई. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों अपराधियों के पैर में गोली मारी. दोनों घायलों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती किया गया है.
घटना की जानकारी देते हुए एसएसपी ने बताया कि बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में गोलीबारी मामले को लेकर लगातार शूटर के खिलाफ पुलिस दबिश बनायी हुई थी. इसी बीच कल मंगलवार देर शाम दोनों को गिरफ्तार किया गया, पूछताछ में उन्होंने बताया कि घटना के बाद हथियार मरीन ड्राइव स्थित जंगल में पेड़ के पीछे छुपाया गया है, जब पुलिस दोनों को लेकर हथियार बरामद करने पहुंची, तो मौका देख अपराधियों ने पुलिस जवान के कमर से बंदूक छीन कर पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया. इसी दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई कर दोनों के पैर पर गोली मारी और दोनों को पकड़ा गया. घायल दोनों अपराधियों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटनास्थल से दो पिस्टल बरामद किया गया है.
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में 26 सितंबर को दिनदहाड़े तीन अपराधी बाइक से आए थे और रेस्टोरेंट के अंदर घुसकर गोलीबारी की थी. इस गोलीबारी की घटना में चार लोगों को गोली लगी थी. गोलीबारी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी, जिसमें साफ़ देखा जा रहा था की बाइक से तीन अपराधी आए और दो अपराधी रेस्टोरेंट के अंदर घुसे और ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया.