न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक भीषण हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया. लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के मौजपुर के पास चलती कार में अचानक लाग लग गई और देखते ही देखते वह आग का गोला बन गई. इस हादसे में कार में सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, सभी मृतक मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के चैनपुरा गांव के रहने वाले थे. परिवार वैष्णो देवी के दर्शन कर किराए की टैक्सी से अपने घर लौट रहा था. रात करीब 11 बजे जब उनकी कार एक्सप्रेसवे पर पहुंची तभी यह भयावह घटना घटित हो गई.
गैस रिसाव बना हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सीएनजी और पेट्रोल दोनों से चलने वाली थी. रास्ते में अचानक सीएनजी गैस का रिसाव हुआ, जिसके कारण कार में आग लग गई. आग इतनी तेज से फैली कि कुछ ही सेकंड में पूरी गाड़ी उसकी चपेट में आ गई और किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला. बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त परिवार के अधिकांश सदस्य सो रहे थे. आग इतनी भीषण थी कि उन्हें संभलने या कार से बाहर निकलने का समय ही नहीं मिला. इस दर्दनाक घटना में तीन महिलाएं, एक पुरुष और एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के दौरान कार चालक विनोद कुमार ने चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई लेकिन वह भी करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया. उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर कर दिया गया.
आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार में सवार लोगों के शव पूरी तरह जलकर राख हो गए. पुलिस के अनुसार, मृतकों के अवशेष बहुत कम मात्रा में मिले है, जिससे उनकी पहचान डीएनए टेस्ट के जरिए कराई जाएगी.
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम
घटना की सूचना मिलते ही लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई. आग बुझाने के लिए दो दमकल गाड़ियों को लगाया गया. हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी और किसी को बचाया नहीं जा सका. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया हैं. पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं.
यह भी पढ़े: सुबह-सुबह कांपी धरती, लद्दाख में लोगों ने महसूस किए भूकंप के झटके