न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अभिषेक राज / गयाजी - गया जिले के कोच थाना क्षेत्र स्थित मंझियामा गांव में शादी के महज 12 दिन बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान परैया थाना क्षेत्र के राजपुर गांव निवासी गीता कुमारी के रूप में हुई है। मायके पक्ष ने पति अमित कुमार, सास-ससुर और अन्य ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
हाईलाइट्स -
- शादी के 12 दिन बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत
- मंगलसूत्र खोने को लेकर विवाद के बाद हत्या का आरोप
- पति समेत ससुराल पक्ष पर गला दबाकर मारने का आरोप
- पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, आरोपी फरार
मंगलसूत्र खोने पर मारपीट का आरोप
परिजनों के अनुसार गीता की शादी 30 अप्रैल 2026 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। घटना वाली रात वह अपने पति और परिवार के साथ इच्छापुर मेले से घर लौटी थी। आरोप है कि घर पहुंचते ही मंगलसूत्र खो जाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। मायके पक्ष का कहना है कि इसी बात पर गीता के साथ मारपीट की गई और सास ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। कुछ देर बाद परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली।
शव ठिकाने लगाने की कोशिश का आरोप
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि डंडे के सहारे गला दबाकर गीता की हत्या की गई। सूचना मिलने पर पहुंचे मायके वालों ने यह भी आरोप लगाया कि शव को ठिकाने लगाने की तैयारी की जा रही थी। हालांकि घटना के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। कोच थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इसे भी पढ़ें - गड़बड़ी करने वालों की अब खैर नहीं; समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता का बड़ा ऐलान