न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण इलाकों में शुमार मीना बाजार की सड़क अब नए स्वरूप में नजर आएगी। नगर निगम की तरफ से करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क के चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण की योजना का टेंडर जारी किया गया है। यह सड़क सोवा बाबू चौक से अवंतिका चौक होते हुए शीतला माई स्थान और ट्रैफिक चौक से जंगी मस्जिद होते हुए खुदाबख्श चौक तक जाती है। इस सड़क को शहर की लाइफ लाइन माना जाता है।
डबल लेन सड़क के साथ बनेगा नाला
मिली जानकारी के अनुसार ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के तहत डबल लेन पीसीसी सड़क के साथ-साथ आरसीसी नाला का भी निर्माण किया जाएगा। इस योजना की अनुमानित लागत 2 करोड़ 99 लाख 96 हजार 667 रुपये है। सड़क के साथ नाले का निर्माण होने से मीना बाजार इलाके में लंबे समय से बनी जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होने की संभावना है।
जाम से मिलेगी मुक्ति
बता दें कि मीना बाजार इलाके में लगने वाले जाम से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क चौड़ीकरण के बाद यातायात व्यवस्था सुगम होगी। यह इलाका बेतिया का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है और सड़क के बेहतर होने से व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। नगर निगम ने इस परियोजना को नौ महीने के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर लिया जाएगा।