न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के युवाओं को डिग्री कॉलेजों में नामांकन और उच्च शिक्षा के लिए अब बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. युवाओं की सुविधा के लिए पश्चिम चंपारण जिले के 6 प्रखंडों में इस शैक्षणिक सत्र से नए डिग्री कॉलेज खोलने की तैयारी है। पूरी उम्मीद है कि जुलाई महीने से इन कॉलेजों में पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के अवसर
जानकारी के अनुसार इन प्रखंडों में बैरिया, योगापट्टी, भितहा, सिकटा, ठकराहां और पिपरासी भी शामिल हैं. अब तक यहां स्नातक स्तर की पढ़ाई की सुविधा नहीं थी लेकिन नए कॉलेज खुलने से इन क्षेत्रों के युवाओं को अब अपने ही इलाके में उच्च शिक्षा के बेहतर मौका मिल सकेगा।
जल्द मिल सकती है अंतिम स्वीकृति
राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में ऐसे प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा की थी, जहां ये सुविधा उपलब्ध नहीं है। इस घोषणा के बाद जिला प्रशासन ने उपयुक्त विद्यालयों का चयन किया। अभी कॉलेजों के संचालन के लिए उक्त प्रखंडों में कुछ विद्यालयों का चयन किया गया है, जहां कमरों की संख्या, आधारभूत सुविधाओं और संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था है। बता दें कि इसकी रिपोर्ट भी तैयार कर उच्च शिक्षा विभाग को भेज दी गई है और इस आधार पर जल्द ही अंतिम स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
बाहर जाने की समस्या होगी दूर
जिले में 6 डिग्री कॉलेजों के खुलने से यहां के छात्रों को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे उनके पैसे और समय दोनों की बचत होगी।