न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: पश्चिमी चम्पारण जिले के बगहा पटखौली थाना इलाके में शराब की छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर एक तस्कर ने हमला कर दिया, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। इस दौरान तस्कर भी जख्मी हो गया। दोनों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया। घटना बगहा रेलवे स्टेशन के समीप की है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि सेमरा-बगहा मुख्य मार्ग से भारी मात्रा में शराब की खेप गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर क्यूआरटी के एसआई शौकत अली और एलटीएफ के एसआई एस.के. मांझी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर निगरानी कर रहे थे।
पुलिस टीम ने किया पीछा
इसी दौरान रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति दो बड़े झोले के साथ आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। भागते समय तस्कर रेलवे लाइन की ओर भागा और पुलिस पर पत्थर फेंकने लगा। पीछा कर रहे सिपाही मिथलेश कुमार ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। इस दौरान तस्कर ने सिपाही पर पत्थर से हमला किया और दांत से काटकर उसे घायल कर दिया। बाद में अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से आरोपी को काबू में कर लिया गया।
10 लीटर देसी शराब जब्त
पुलिस ने जब उसके थैले की तलाशी ली तो दोनों से कुल 10 लीटर देशी शराब बरामद की गई। घायल सिपाही और तस्कर को अनुमंडलीय अस्पताल बगहा ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर की पहचान नरईपुर चीनी मिल निवासी शमीम अहमद के रूप में हुई है। वह पहले भी शराब तस्करी के कई मामलों में जेल जा चुका है। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।