न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद ने राज्यभर के गंगा तट स्थित मठ-मंदिरों में प्रतिदिन गंगा आरती कराने का निर्णय लिया है। पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणवीर नंदन की ओर से सभी महंतों, न्यासधारियों, समिति सदस्यों और मंदिर प्रबंधकों को इस संबंध में पत्र भेजा जा रहा है। गंगा दशहरा के अवसर पर 25 मई से इस विशेष अभियान की शुरुआत होगी।
हाईलाइट्स -
- 25 मई से बिहार के गंगा तट स्थित मंदिरों में रोज होगी गंगा आरती
- धार्मिक न्यास पर्षद ने सभी मठ-मंदिरों को भेजा निर्देश
- स्वच्छ गंगा और स्वस्थ बिहार का संदेश फैलाने की पहल
पटना से भागलपुर तक मंदिरों में होगी आरती
राज्य के पटना, बक्सर, आरा, छपरा, फतुहां, बख्तियारपुर, मुंगेर, भागलपुर और वैशाली समेत गंगा तट से जुड़े क्षेत्रों के मंदिरों में गंगा आरती आयोजित की जाएगी। भागलपुर के श्री अजगैबी नाथ मंदिर सुलतानगंज, श्री बुढ़ानाथ मंदिर और कहलगांव के बटेश्वर स्थान सहित कई प्रमुख मंदिरों को सूची में शामिल किया गया है। वहीं मुंगेर के कष्टहरणी घाट स्थित मंदिरों और पटना के बांसघाट, सीता घाट, रानी घाट व पटना सिटी के मंदिरों में भी आरती की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
स्वच्छ गंगा और स्वस्थ बिहार का संदेश
पर्षद अध्यक्ष प्रो. रणवीर नंदन ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए “अविरल गंगा, स्वच्छ गंगा, स्वस्थ गंगा और स्वस्थ बिहार” का संदेश लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि गंगा की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने के लिए समय-समय पर विशेष जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे, ताकि आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
इसे भी पढ़ें - BPSC TRE-4 पर बिहार में बवाल! नोटिफिकेशन की मांग पर सड़क पर छात्र, पटना में हाई अलर्ट !