राहुल सिंह/न्यूज11 भारत
रामगढ़/डेस्क: रामगढ़: उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज द्वारा आज पतरातू स्थित PVUNL Patratu (पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड) के परियोजना कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई. बैठक में परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति, समयबद्ध लक्ष्य, भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (R&R) से जुड़े मामलों तथा स्थानीय रोजगार सृजन के विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावित परिवारों से जुड़े मामलों का निष्पादन संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए तथा स्थानीय लोगों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए.
समीक्षा बैठक के उपरांत उपायुक्त द्वारा परियोजना स्थल (प्लांट) का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था, पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन तथा अन्य तकनीकी पहलुओं का बारीकी से अवलोकन किया.
उपायुक्त ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समय पर पूर्ण हों तथा परियोजना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की जनसमस्या उत्पन्न होने पर उसका त्वरित समाधान किया जाए.निरीक्षण एवं बैठक के दौरान संबंधित परियोजना पदाधिकारी एवं जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: चंदवा में विधायक प्रकाश राम ने लगाया जनता दरबार, समस्याओं के समाधान को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश