न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: हजारीबाग में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर मामले को लेकर पीड़ित परिवार न्याय की मांग के साथ राजधानी रांची पहुंचा. परिवार ने DGP से मिलने की कोशिश की, हालांकि उनकी मुलाकात नहीं हो सकी. इसके बाद परिजन राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से मिले और पूरे मामले में न्याय दिलाने की गुहार लगाई. परिवार ने इस दौरान हजारीबाग में हाल में हुए पत्रकार प्रकरण पर भी खेद जताया और माफी मांगी. पीड़ित परिजनों ने बताया कि उनके दो बहनों और एक भाई की निर्मम हत्या कर दी गई है.
उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि मामले को प्रमुखता से उठाया जाए और न्याय दिलाने में सहयोग किया जाए. परिवार ने कहा कि इस मामले को किसी भी तरह से डायवर्ट न किया जाए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए. साथ ही उन्होंने हजारीबाग के सांसद और विधायकों से भी आगे आकर न्याय दिलाने में सहयोग की अपील की. गौरतलब है कि तीनों भाई-बहन 23 अप्रैल को लापता हो गए थे. बाद में 27 अप्रैल को उनका शव जंगल से बरामद किया गया, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें- रांची: बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा के विचाराधीन कैदी की इलाज के दौरान मौत