राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: चेटर रेलवे स्टेशन के समीप 17 सितंबर को रेलवे लाइन किनारे नाला से बरामद लावारिस युवती के शव की पहचान कामता पंचायत के हिसरी गांव निवासी 16 वर्षीय पुष्पा कुमारी के रूप में हुई है. पहचान के बाद परिजनों में मातम पसरा है. वहीं, मृतका के पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका जताई है.
मृतका के पिता संजय गंझु के अनुसार, वह 9 सितंबर को अपनी नाबालिग बेटी पुष्पा कुमारी को अपने रिश्तेदार के यहां दिल्ली लेकर गए थे. उनके मुताबिक, 13 सितंबर को पुष्पा की एक युवक से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी, जिसकी रिकॉर्डिंग उनके मोबाइल फोन में मौजूद है. इसके अगले दिन, 14 सितंबर को पुष्पा बिना बताए दिल्ली से निकल गई. काफी खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चला.
इधर, 17 सितंबर को चेटर रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे लाइन किनारे नाला से एक युवती का शव बरामद किया गया था. शव की पहचान नहीं होने के कारण उसे लावारिस मानकर रखा गया. परिजनों का कहना है कि 21 सितंबर को चेटर रेलवे स्टेशन पहुंचकर फोटो देखने के बाद उन्हें शव के पुष्पा का होने का संदेह हुआ. इसके बाद 22 सितंबर को मृतका के पिता संजय गंझु सहित ग्रामीण बरकाकाना जीआरपी पहुंचे और तस्वीर देखकर शव की पहचान पुष्पा कुमारी के रूप में की.
परिजनों के अनुसार, रेलवे पुलिस ने बताया कि शव को 20 सितंबर तक रखा गया था. पहचान नहीं होने के बाद 21 सितंबर को रामगढ़ मुक्तिधाम के समीप अंतिम संस्कार कर दिया गया था. इसके बाद परिजन रामगढ़ मुक्तिधाम पहुंचे और वहां से मिट्टी लाकर 22 सितंबर को हिसरी गांव के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की.
पिता ने लगाया हत्या का आरोप, जांच की मांग
मृतका के पिता संजय गंझु और मां सलीता देवी का कहना है कि पुष्पा का चंदवा थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ पिछले कई महीनों से प्रेम संबंध था. पिता के मुताबिक, दोनों के बीच कई बार वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी, जिसकी रिकॉर्डिंग उनके मोबाइल में मौजूद है.
संजय गंझु ने आशंका जताई है कि कथित प्रेमी ने उनकी बेटी को फोन कर दिल्ली से बुलाया और उसकी हत्या कर शव को रेलवे लाइन के किनारे नाला में फेंक दिया. हालांकि, यह परिजनों की ओर से लगाया गया आरोप है, जिसकी पुलिस जांच और स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है.
परिजनों ने स्थानीय एवं जिला पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
पंचायत समिति सदस्य ने परिजनों से की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलने के बाद पंचायत समिति सदस्य अयुब खान हिसरी गांव पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: मनोहरपुर: आनंदपुर प्रखंड के बागचट्टा गांव में छोटे गड्ढेनुमा तालाब में डूबने से भाई-बहन की मौत, परिवार में पसरा मातम