मसलिया/डेस्क: दुमका जिले के मसलिया प्रखंड अंतर्गत मसानजोर निवासी संजय कुमार मंडल ने अपनी चार माह की बेटी दिवांशी के गंभीर स्वास्थ्य संकट को देखते हुए झारखंड सरकार से तत्काल चिकित्सा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है. परिजनों के अनुसार, दिवांशी जन्म से ही फेफड़ों की गंभीर बीमारी से पीड़ित है. उसे सांस लेने में काफी परेशानी हो रही है. परिजनों ने बताया कि बच्ची का पिछले करीब 75 दिनों से रांची में इलाज चल रहा है. चिकित्सकों की निगरानी में उसे 11 जुलाई से 6 अगस्त तक रानी हॉस्पिटल में 26 दिनों तक भर्ती रखा गया. इसके बाद 7 अगस्त से 23 सितंबर तक सम्फोर्ड हॉस्पिटल में 47 दिनों तक इलाज चला.
दिल्ली स्थित एम्स या किसी बड़े विशेषज्ञ अस्पताल में ले जाने की डॉक्टरों ने दी है सलाह
लंबे समय से चल रहे इलाज के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति भी काफी खराब हो गई है. संजय कुमार मंडल के अनुसार, रांची के चिकित्सकों ने बच्ची को बेहतर विशेषज्ञ उपचार और आवश्यक सर्जरी के लिए जल्द से जल्द दिल्ली स्थित एम्स अथवा किसी बड़े विशेषज्ञ अस्पताल में ले जाने की सलाह दी है. बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिवार तत्काल उसे दिल्ली ले जाना चाहता है. परिवार ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और स्थानीय विधायक समेत कई लोगों से सहायता की अपील की है. संजय कुमार मंडल ने सरकार से बच्ची को दिल्ली के विशेषज्ञ अस्पताल में भर्ती कराने की व्यवस्था, ऑक्सीजन युक्त एंबुलेंस से रांची से दिल्ली तक नि:शुल्क एवं सुरक्षित परिवहन तथा इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि बच्ची की स्थिति गंभीर है और समय पर विशेषज्ञ उपचार मिलना बेहद जरूरी है. परिवार ने सरकार के साथ-साथ समाज के लोगों से भी मानवीय आधार पर तत्काल सहयोग की अपील की है.
यह भी पढ़ें: राजगंज के मरचो कोचा जंगल में पेड़ से लटका मिला 17 वर्षीय किशोर का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका