न्यूज़11 भारत
सरायकेला/डेस्क: सरायकेला डीसी ऑफिस के पीछे स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में चोरी का प्रयास किया गया. चोर बैंक के मुख्य गेट तक पहुंचे, लेकिन बैंक के अंदर नहीं घुस पाए. आज शनिवार सुबह बैंक के ग्रिल का ताला टूटा मिला, जिसके बाद चोरी घटना का खुलासा हुआ.
इसकी सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. स्थानीय लोगों के अनुसार रात में पुलिस की गश्ती गाड़ी कई बार सायरन बजाते हुए इलाके से गुजरी थी. उनका मानना है कि लगातार पुलिस गश्त के कारण चोर आगे की वारदात को अंजाम नहीं दे सके. हालांकि चोर किस वजह से भागे. इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
थाना प्रभारी विनय कुमार के अनुसार शुक्रवार रात वह स्वयं भी डीसी ऑफिस के पीछे के इलाके में गश्त पर थे. पुलिस बैंक और आसपास लगे CCTV कैमरों समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास कर रही है. घटना के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं. फिलहाल बैंक से किसी सामान या नकदी की चोरी की सूचना नहीं है.
इसे भी पढ़ें: सरायकेला: कोलकाता से रांची जा रही यात्री बस पलटी, 20 से अधिक यात्री घायल