न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
दरभंगा - दरभंगा में पत्नी और तीन मासूम बच्चों की हत्या मामले में आरोपी पति संदीप दास का चौंकाने वाला बयान सामने आया है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि उसे लंबे समय से अपनी पत्नी पर शक था। आरोपी का दावा है कि पत्नी उसके खाने में कुछ मिलाकर देती थी, जिससे उसे डर सताने लगा था कि कहीं उसकी हत्या न कर दी जाए। इसी शक और डर ने उसके भीतर गुस्सा भर दिया।
हाईलाइट्स -
- दरभंगा में पत्नी और तीन बच्चों की हत्या मामले में आरोपी पति का कबूलनामा
- पत्नी पर अफेयर और खाने में जहर देने का था शक
- वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी किया घायल
- बच्चों की हत्या पर आरोपी ने जताया पछतावा
- पुलिस घरेलू विवाद और मानसिक तनाव के एंगल से कर रही जांच
गुस्से में खत्म कर दिया पूरा परिवार
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इसी तनाव और शक के बीच पत्नी और तीनों बच्चों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने खुद को भी घायल कर लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
बच्चों की हत्या पर जताया अफसोस
पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी माना कि उसके बच्चे निर्दोष थे। उसने पुलिस से कहा कि बच्चों की हत्या को लेकर उसे पछतावा है। शुरुआती जांच में घरेलू कलह, मानसिक तनाव और आपसी अविश्वास की बातें सामने आ रही हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और लोग इस निर्मम हत्याकांड से सदमे में हैं।
इसे भी पढ़ें - गंगा तट के मंदिरों में अब हर दिन होगी भव्य आरती, 25 मई से बिहार में शुरू होगा विशेष अभियान