'20 साल का साथ, बिहार की बदलती कहानी'...नीतीश के इस्तीफे के बाद संजय झा का सोशल मीडिया पोस्ट

'20 साल का साथ, बिहार की बदलती कहानी'...नीतीश के इस्तीफे के बाद संजय झा का सोशल मीडिया पोस्ट

संजय झा ने 'X' पर नीतीश कुमार के 20 साल के सफर को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि नीतीश ने बिहार को अंधकार से निकाल सेवा का आदर्श पेश किया। एक अध्याय खत्म हुआ है, लेकिन विकास की यात्रा जारी रहेगी।

20 साल का साथ बिहार की बदलती कहानीनीतीश के इस्तीफे के बाद संजय झा का सोशल मीडिया पोस्ट

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: बिहार के मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद उनके करीबियों और पार्टी के कद्दावर नेताओं की प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक बेहद भावुक पोस्ट साझा किया है। उन्होंने नीतीश कुमार के साथ अपने 20 वर्षों के सफर को याद करते हुए उन्हें बिहार के पुनर्जागरण का सूत्रधार बताया है।

"निराशा के दौर से निकाला, विकास की नींव रखी"

संजय झा ने अपने पोस्ट में लिखा कि नीतीश कुमार ने बिहार को उस दौर से बाहर निकाला जब राज्य निराशा और अंधकार में डूबा हुआ था। उन्होंने कहा, "माननीय मुख्यमंत्री ने अपने नेतृत्व में बिहार को सुशासन और विश्वास की राह पर आगे बढ़ाया। कानून-व्यवस्था की बहाली से लेकर सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का जो विस्तार हुआ, वह उन्हीं की दूरदर्शिता का परिणाम है।"

Caption

सत्ता नहीं, सेवा को माना सर्वोपरि

नीतीश कुमार के राजनीतिक सिद्धांतों की प्रशंसा करते हुए संजय झा ने कहा कि उन्होंने सत्ता को कभी भोग विलास का साधन नहीं माना, बल्कि उसे हमेशा सेवा का माध्यम समझा। उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में नीतीश कुमार द्वारा किए गए क्रांतिकारी बदलावों का जिक्र किया, जिसने बिहार को देश के मानचित्र पर एक नई पहचान दी।

"एक अध्याय पूरा हुआ, लेकिन यात्रा जारी है"

इस्तीफे के बाद की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए संजय झा ने स्पष्ट किया कि भले ही आज एक पद का अध्याय समाप्त हो रहा है, लेकिन बिहार के प्रति नीतीश कुमार की दृष्टि और उनका मार्गदर्शन भविष्य में भी विकास की दिशा तय करता रहेगा। उन्होंने अपने पोस्ट का अंत एक प्रेरणादायक पंक्ति के साथ किया— "एक अध्याय पूरा हुआ लेकिन यात्रा जारी है।"

प्रमुख खबरें