न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पूजा शर्मा (संवाददाता ) / पटना- बिहार राज्य शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) ने मॉनसून के दृष्टिगत पटना शहर में जलजमाव की समस्या से निपटने हेतु व्यापक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। गौरतलब है कि सभी स्थाई एवं अस्थाई ड्रेनेज पंपिंग स्टेशनों (डीपीएस) की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर करने का निर्देश प्रबंध निदेशक द्वारा दिया गया है जिससे शहर में जलनिकासी सुचारू रूप से सुनिश्चित हो सके।
प्रबंध निदेशक बुडको श्री अनिमेष कुमार पराशर के निर्देश पर सभी अंचल एवं मुख्यालय स्तर पर मॉनसून के लिये जवाबदेही सुनिश्चित की गई है। प्रत्येक प्रमंडल के एवं मुख्यालय के पदाधिकारियों को डीपीएस जवाबदेही होगी। यह सुनिश्चित करेंगे कि कार्य मानक के अनुरूप हो, किसी किस्म की लापरवाही पाये जाने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी।
गौरतलब है कि प्रबंध निदेशक ने पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर मॉनसून पूर्व कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिकारी केवल एजेंसी पर आश्रित न रहें, बल्कि पंपों के रखरखाव कार्य की निरंतर स्वयं जाँच करें। साथ ही सभी संप के वेल की सफाई एवं ग्रेटिंग की सफाई 30 मई तक कर लेना है एवं कार्य का सत्यापन मुख्यालय स्तर पर पदाधिकारी पुनः जाँच कर पूर्ण कर लें।
हाईलाइट्स -
- सभी संप हाउस के इनलेट, आउटलेट, ग्रेटिंग, मैनहोल एवं कनेक्टिंग नालों की सफाई की जाँच की जाएगी।
- · रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के वास्तविक प्रतिक्रिया समय (रियल टाइम) का मूल्यांकन किया जाएगा।
- · सभी पंपों को एक साथ चालू कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हर साधन पूर्ण क्षमता से कार्य कर रहा है।
1 जून की रात को मॉक ड्रिल से होगी तैयारियों की जांच
प्रबंध निदेशक के निर्देश पर 1 जून 2026 की रात्रि 11 बजे से प्रातः 2 बजे तक एक विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। जल निकासी व्यवस्था की जमीनी तैयारियों का आकलन किया जाएगा। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से रात्रिकालीन संप हाउस (पंप हाउस) में तैनात कर्मियों के कार्यों का वास्तविक प्रतिक्रिया समय (रियल टाइम) में निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग की जाएगी।·
डीपीएस और पंप होंगे तैनात
पटना शहर में कुल 56 स्थाई एवं 35 अस्थाई डीपीएस हैं। वहीं, शहर की जलनिकासी के लिए कुल 364 पंपों का उपयोग किया जाएगा, जिनमें 265 विद्युत चालित तथा 99 डीजल पंप शामिल हैं। स्थाई डीपीएस पर 256 पंप तथा अस्थाई डीपीएस पर 83 पंप लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त 8 नये डीपीएस भी तैयार किये गये है। जिसकी सुविधा मॉनसून के दौरान मिलेगी।
गौरतलब है कि बुडको मुख्यालय द्वारा सभी अंचलों को निर्देशित किया है कि उपलब्ध पंपों को पूर्ण चालू अवस्था में रखा जाए, ऑपरेटरों की प्रतिनियुक्ति की जाए तथा पाइप व अन्य सामग्री तैयार रखी जाए। मॉनसून के दौरान प्रभावी जलनिकासी हेतु सभी आवश्यक संसाधन पहले ही उपलब्ध करा दिए गए हैं।
इसे भी पढ़ें - अरे मैडम जी! 100 रुपए में ईमान बेच रहीं हैं क्या? मोतीहारी के सरकारी स्कूल में एडमिशन के नाम पर वसूली का वीडियो वायरल