न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने 2026 की परीक्षा पेपर लीक के कारण रद्द होने पर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने कहा कि 23 लाख students के भविष्य के साथ एक बार फिर खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार और देश में पेपर लीक का अंतहीन सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा, जिससे युवाओं के सपने लगातार टूट रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा सरकारों में इतनी भी प्रशासनिक क्षमता, इच्छाशक्ति और कौशल नहीं बचा है कि एक सामान्य परीक्षा को बिना पेपर लीक के निष्पक्ष तरीके से आयोजित कराया जा सके।
हाईलाइट्स-
- पेपर लीक के कारण 2026 की परीक्षा रद्द होने पर भड़के Tejashwi Yadav
- 23 लाख छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का लगाया आरोप
- भाजपा सरकार की प्रशासनिक क्षमता और नीयत पर उठाए सवाल
- पुनर्परीक्षा से छात्रों और अभिभावकों पर बढ़ने वाले आर्थिक बोझ का मुद्दा उठाया
- “युवाओं को सिर्फ दर्द दे रही सरकार” कहकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना
सरकार की नीयत और नीति पर सवाल
तेजस्वी यादव ने कहा कि सत्ता संरक्षण में लगातार हो रहे पेपर लीक से सरकार की नीति और नीयत दोनों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ दिखावटी जांच और औपचारिक कार्रवाई से युवाओं का भरोसा वापस नहीं आएगा। सरकार को आत्मनिरीक्षण करने की जरूरत है और खुद से पूछना चाहिए कि क्या वह देश और छात्रों के भविष्य के साथ सही कर रही है। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार का पूरा ध्यान विपक्षी दलों के खिलाफ संस्थाओं के इस्तेमाल पर है, जबकि छात्रों की परेशानियों और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को नजरअंदाज किया जा रहा है।
पुनर्परीक्षा से बढ़ेगी छात्रों की परेशानी
तेजस्वी यादव ने पुनर्परीक्षा को छात्रों और अभिभावकों पर अतिरिक्त बोझ बताते हुए कहा कि अब 23 लाख छात्र दोबारा परीक्षा देंगे और देशभर के 552 शहरों में स्थित परीक्षा केंद्रों तक जाएंगे। इससे लाखों लीटर पेट्रोल-डीजल की खपत होगी, छात्रों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा और उन्हें मानसिक व शारीरिक परेशानी झेलनी पड़ेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि क्या सरकार ने इस नुकसान का कोई मूल्यांकन किया है। तेजस्वी ने कहा कि केवल जुबानी दावे और भाषणों से देश नहीं चलता, बल्कि पारदर्शिता और जवाबदेही से व्यवस्था मजबूत होती है।
इसे भी पढ़ें - सावधान! 20 मई को नहीं मिलेंगी दवाइयां, ऑनलाइन सेल और नई नीति के खिलाफ केमिस्टों का हल्ला बोल