न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (धीरज, जमुई) बिहार के जमुई जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला लक्ष्मीपुर प्रखंड के पवना गांव का है, जहाँ सोमवार को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने एसबीआई (SBI) के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) को अपना निशाना बनाया। नकाबपोश अपराधियों ने कट्टे के बल पर करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
बाइक पर आए तीन हमलावर, जान से मारने की दी धमकी
जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय एक ही बाइक पर सवार होकर तीन अपराधी सीएसपी केंद्र पहुंचे। केंद्र में घुसते ही बदमाशों ने संचालक श्याम सुंदर गुप्ता पर हथियार तान दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए काउंटर में रखे नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस अचानक हुए हमले से केंद्र पर मौजूद लोग और संचालक सहम गए।
बैंक से पैसा निकालकर लौटे थे संचालक, तभी हुआ हमला
सीएसपी संचालक श्याम सुंदर गुप्ता ने बताया कि वे सोमवार को ही एसबीआई की मुख्य शाखा से तीन लाख रुपये निकालकर लाए थे। इसमें से दो लाख रुपये उन्होंने घर पर सुरक्षित रख दिए थे और बाकी के डेढ़ लाख रुपये लेकर वे सीएसपी केंद्र पहुंचे थे। जैसे ही वे काम शुरू करने वाले थे, अपराधियों ने धावा बोल दिया।
CCTV में कैद हुई लुटेरों की करतूत
लूट की यह पूरी वारदात सीएसपी केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में अपराधी हथियार लहराते और लूटपाट करते साफ नजर आ रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही लक्ष्मीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
दहशत में इलाका, पुलिस की छापेमारी जारी
दिनदहाड़े हुई इस लूट के बाद पवना गांव और आसपास के व्यापारिक क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।