न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
रोहित / पटना: मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी आज पहली बार गयाजी का दौरा करेंगे। दोपहर 2:00 बजे सीएम सम्राट चौधरी पटना से रवाना होंगे। सीएम सम्राट चौधरी के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार भी शामिल रहेंगे।
दोपहर 3 बजे पहुंचेंगे गयाजी
सीएम हेलीकॉप्टर से दोपहर 3 बजे पहुंचेंगे और उसके बाद सबसे पहले वो विष्णुपद मंदिर जाएंगे। यहां पूजा-अर्चना के बाद विष्णुपद कॉरिडोर का निरीक्षण भी करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री बोधगया के लिए रवाना होंगे। वहां भगवान बुद्ध के दर्शन के बाद वे बोधगया कॉरिडोर का भी निरीक्षण करेंगे। बोधगया दौरे के बाद सीएम शंकराचार्य मठ पहुंचेंगे। यहां देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना के बाद वे आमसभा को संबोधित करेंगे। गयाजी में वे करीब 45 मिनट तक ठहरेंगे।
नालंदा दौरा भी आज
उसके बाद आज ही वे नालंदा भी पहुंचेंगे। यहां वो सरमेरा के प्रणावा गांव में आयोजित होने वाले महतो बाबा मेले का उद्घाटन भी करेंगे। आज के इस दौरे के लिए सीएम सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर गयाजी शहर के गांधी मैदान में लैंड होगा। गांधी मैदान में उनके लिए 2 हेलीपैड बनाए गए हैं। गांधी मैदान से उनका काफिला विष्णुपद, बोधगया और शंकराचार्य मठ की तरफ जाएगा।
350 मजिस्ट्रेट की तैनाती
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। इस मौके पर करीब 350 मजिस्ट्रेट जबकि 1500 से अधिक पुलिस बल भी तैनात रहेंगे।
इसे भी पढ़ें: Bihar News: बिहार में सम्राट सरकार का बड़ा फैसला, अब निजी संस्थानों पर होगी तीसरी नजर से निगरानी