न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क : 3 अप्रैल को दरभंगा के 'प्रेम ज्वेलर्स' में हुई दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात को सुलझाने का दावा करते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बिहार STF और दरभंगा पुलिस की स्पेशल टीम ने एक साझा ऑपरेशन में लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों की बड़ी खेप बरामद की है। इस मामले में अब तक कुल 12 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।
जमीन में गाड़कर छिपाया गया था लूटा हुआ माल
एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि लूटे गए गहनों को बेगूसराय के वृन्दावन इलाके में संदीप सिंह नामक व्यक्ति के घर में मिट्टी खोदकर गड्ढे के अंदर छुपाया गया था। पुलिस ने वहां से 8 किलो 630 ग्राम चांदी (कीमत लगभग 23 लाख) और 156.44 ग्राम सोने के जेवर बरामद किए हैं। कुल बरामदगी की कीमत करीब 44 लाख रुपये आंकी गई है। इस सिलसिले में संदीप, उसकी मां उषा देवी और पिता संजय सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
जेल की सलाखों के पीछे तैयार हुआ था 'मास्टर प्लान'
पुलिस की तफ्तीश में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस पूरी डकैती की पटकथा दलसिंहसराय जेल में लिखी गई थी। जेल में बंद अपराधियों ने बाहर मौजूद अपने गुर्गों के जरिए 20 से अधिक बदमाशों को इकट्ठा कर इस वारदात को अंजाम दिया। खास बात यह है कि इस गैंग में शामिल ज्यादातर लड़के नए हैं, जिनका पहले का कोई बड़ा आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
अपनों ने ही की गद्दारी: स्टाफ निकला 'लाइनर'
जांच में यह भी साफ हुआ है कि दुकान की रेकी और सटीक जानकारी देने में अपनों का ही हाथ था। लहेरियासराय के एक स्वर्ण व्यवसायी के स्टाफ अभिषेक सोनी और ऋषिकेश सोनी ने 'लाइनर' का काम किया। उन्होंने कई दिनों तक दुकान की गतिविधियों पर नजर रखी और फिर लुटेरों के लिए रास्ता साफ किया।
34 घंटे में एनकाउंटर और फिर गिरफ्तारियों का सिलसिला
वारदात के बाद पुलिस की घेराबंदी इतनी सख्त थी कि 34 घंटे के भीतर ही मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी मंगल सिंह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इसके बाद गिरफ्तारियों का दौर शुरू हुआ:
-
यहां से 6 अपराधी दबोचे गए।
-
दरभंगा पुलिस की एक टीम असम से 2 आरोपियों को पकड़कर लाई।
-
दलसिंहसराय से भी गिरफ्तारियां हुईं, जबकि एक आरोपी ने बेगूसराय कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
हथियारों का जखीरा और वाहन जब्त
एसएसपी के अनुसार, पुलिस ने अपराधियों के पास से 12 पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस, 2 मोटरसाइकिलें और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि लूट के कैश और बाकी बचे जेवरों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है। गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।