न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क ( अस्मित, पटना) बिहार में नई सरकार के अस्तित्व में आने के बाद अब जनता दल यूनाइटेड (JDU) अपनी आंतरिक सांगठनिक मजबूती पर ध्यान दे रही है। पार्टी ने आगामी 20 अप्रैल 2026 को अपने विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। यह बैठक पटना स्थित 7 सर्कुलर रोड (मुख्यमंत्री के पुराने आवास) पर सुबह 11 बजे शुरू होगी।
जदयू ने विधायक दल की मीटिंग क्यों बुलायी?
जेडीयू सूत्रों के अनुसार, इस बैठक का मुख्य एजेंडा विधायक दल के नए नेता का चुनाव करना है। चूंकि नीतीश कुमार अब मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके हैं और राज्यसभा सदस्य के रूप में नई भूमिका में हैं, इसलिए सदन में पार्टी का नेतृत्व कौन करेगा, इस पर आधिकारिक मुहर लगना बाकी है। माना जा रहा है कि इस बैठक में सर्वसम्मति से किसी वरिष्ठ नेता को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
नए समीकरणों पर होगी चर्चा
सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नई सरकार में जेडीयू की भूमिका और पार्टी के मंत्रियों के बीच विभागों के तालमेल को लेकर भी इस बैठक में चर्चा हो सकती है। बैठक में जेडीयू के सभी विधायक और विधान पार्षद शामिल होंगे। नीतीश कुमार खुद इस बैठक में मौजूद रहकर विधायकों का मार्गदर्शन करेंगे।
सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बड़ी बैठक
15 अप्रैल को CM सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण के बाद जेडीयू की यह पहली औपचारिक बैठक है। इसमें आगामी विधानसभा सत्र और राज्य के विकास कार्यों में जेडीयू की भागीदारी को लेकर रोडमैप तैयार किया जाएगा। साथ ही, पार्टी अपने विधायकों को एकजुट रहने और नई सरकार के साथ बेहतर समन्वय बनाने का संदेश देगी।