न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क ( अस्मित, पटना) बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर केंद्र सरकार ने दो महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। अब नीतीश कुमार न केवल बिहार में, बल्कि देश के किसी भी राज्य में जाने पर 'Z Plus' (जेड प्लस) सुरक्षा घेरे में रहेंगे। इसके साथ ही, केंद्र ने उनके दिल्ली प्रवास के लिए लुटियंस दिल्ली में एक बंगला भी आवंटित कर दिया है।
राष्ट्रीय स्तर पर 'Z Plus' सुरक्षा का कवच
नीतीश कुमार को पहले से ही बिहार सरकार द्वारा जेड प्लस सुरक्षा प्रदान की गई थी, लेकिन अब गृह मंत्रालय ने इसे राष्ट्रीय स्तर पर विस्तारित कर दिया है। इसका अर्थ है कि नीतीश कुमार अब भारत के किसी भी कोने में जाएंगे, उन्हें जेड प्लस कैटेगरी की वही उच्च स्तरीय सुरक्षा मिलेगी जो वीवीआईपी (VVIPs) को दी जाती है। उनकी सुरक्षा में अत्याधुनिक हथियारों से लैस कमांडो तैनात रहेंगे।
नीतीश कुमार का दिल्ली में नया ठिकाना कहां होगा?
दिल्ली में राजनीतिक सक्रियता और प्रवास को देखते हुए केंद्र सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री को बंगला भी आवंटित किया है। नीतीश कुमार को दिल्ली के पॉश इलाके में स्थित सुनहरी बाग बंगला नंबर 9 अलॉट किया गया है। यह बंगला उनके दिल्ली दौरों के दौरान आधिकारिक निवास के रूप में इस्तेमाल होगा।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा
नीतीश कुमार को राष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा और दिल्ली में बंगला मिलना उनके बढ़ते सियासी कद और केंद्र के साथ उनके मजबूत समन्वय का संकेत माना जा रहा है। राज्यसभा सांसद के तौर पर उनकी नई भूमिका और राष्ट्रीय राजनीति में उनकी सक्रियता को देखते हुए यह कदम बेहद अहम है।