बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति परीक्षा (TRE-4) को लेकर चल रहे सस्पेंस को खत्म कर दिया है। आयोग के परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया अपने तय शेड्यूल के अनुसार ही आगे बढ़ेगी।
अगले 3 से 4 दिनों में जारी होगा नोटिफिकेशन
आयोग के मुताबिक, TRE-4 का विज्ञापन अगले 3 से 4 दिनों में आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। जो अभ्यर्थी भर्ती में देरी को लेकर चिंतित थे, उनके लिए अच्छी खबर यह है कि 25 या 26 अप्रैल से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। परीक्षा की तारीख पहले ही 22 से 27 सितंबर 2026 के बीच तय की जा चुकी है।
इन वजहों से हुई देरी, अब रुकावटें खत्म
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि कुछ तकनीकी कारणों से विज्ञापन में थोड़ा वक्त लगा। इसमें अतिथि शिक्षकों (Guest Teachers) का मामला और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में महिला आरक्षण से जुड़ी कुछ त्रुटियां शामिल थीं। अब शिक्षा विभाग से सारी जानकारी प्राप्त हो चुकी है और भर्ती का रास्ता पूरी तरह साफ है।
फॉर्म भरने के तरीके में बदलाव
आयोग ने इस बार फॉर्म भरने की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए दो बड़े बदलाव किए हैं:
-
अब अभ्यर्थियों को फॉर्म भरते समय ही बिहार के सभी 38 जिलों का विकल्प चुनना होगा। यह उनकी पोस्टिंग के लिए बेहद जरूरी होगा।
-
सर्वर पर लोड और पेमेंट फेल होने की समस्या को देखते हुए इस बार पहले भुगतान (Payment) करना होगा। जब पेमेंट सफल हो जाएगा, तभी अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र भर सकेंगे।
सितंबर में 46,882 पदों पर होगी परीक्षा
इस बार कुल 46,882 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति होनी है। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आंदोलन के बजाय अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें। जून तक प्रश्न पत्र सेट करने और अन्य गोपनीय तैयारियों को पूरा कर लिया जाएगा, ताकि सितंबर में निष्पक्ष तरीके से परीक्षा आयोजित की जा सके।