न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: बिहार पुलिस अब ऑन-ड्यूटी मनोरंजन बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने और वीडियो-रील्स बनाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुख्यालय ने बड़ा अभियान छेड़ा है। इस सख्त कार्रवाई की पहली बड़ी गाज पूर्णिया की महिला थाना प्रभारी शबाना आजमी पर गिरी है, जिन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है।
शबाना आजमी पर क्यों हुई कार्रवाई?
पूर्णिया की महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी पर आरोप है कि उन्होंने पुलिस की गरिमा के खिलाफ जाकर वर्दी में कई डांस वीडियो और रील्स सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। हद तो तब हो गई जब उन्होंने अपनी सरकारी कुर्सी पर एक रिश्तेदार को बैठाकर फोटो खिंचवाई और उसे वायरल कर दिया। पहले भी चेतावनी मिलने के बावजूद आदतों में सुधार न होने पर एसपी ने यह कड़ा कदम उठाया।
पटना जिला रील्स बनाने में सबसे आगे
पुलिस मुख्यालय द्वारा तैयार की गई 40 दोषी पुलिसकर्मियों की सूची में सबसे चौंकाने वाले आंकड़े राजधानी पटना से आए हैं। इस लिस्ट में अकेले पटना के 16 पुलिसकर्मी शामिल हैं। इनके अलावा गया, दरभंगा, मधुबनी, किशनगंज और नालंदा जैसे जिलों के जवानों पर भी अनुशासनहीनता के आरोप में विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सोशल मीडिया सेल की तीसरी आंख से कोई नहीं बचा
यह पूरी कार्रवाई पुलिस मुख्यालय की विशेष 'सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल' की रिपोर्ट पर आधारित है। सूत्रों के मुताबिक, सेल लगातार फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर नजर रख रही है। मुख्यालय का स्पष्ट मानना है कि थाना परिसर के भीतर या वर्दी में फिल्मी गानों पर वीडियो बनाने से पुलिस विभाग की छवि धूमिल होती है। इसे अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखते हुए सभी जिला कप्तानों (SP) को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।