न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - बिहार में सिपाही भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, कारा एवं सुधार सेवाएँ निरीक्षणालय तथा परिवहन विभाग में सिपाही के कुल 4,236 पदों पर बहाली के लिए लिखित परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा 14 जून 2026 और 17 जून 2026 को राज्य के सभी 38 जिलों में आयोजित की जाएगी।
हाईलाइट्स -
- 4,236 पदों पर होगी सिपाही भर्ती
- 14 और 17 जून 2026 को आयोजित होगी परीक्षा
- बिहार के सभी 38 जिलों में बने हैं परीक्षा केंद्र
- परीक्षा दो पालियों में होगी आयोजित
- 1 जून से उपलब्ध होगी परीक्षा केंद्र और तिथि की जानकारी
- ई-एडमिट कार्ड और फोटो आईडी अनिवार्य
- मोबाइल, स्मार्ट वॉच समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान पर रोक
पर्षद द्वारा जारी सूचना के अनुसार परीक्षा दो पालियों में होगी। सुबह की पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक आयोजित होगी। 14 जून और 17 जून दोनों दिन यही समय लागू रहेगा।अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचना अनिवार्य होगा। सुबह की पाली के लिए रिपोर्टिंग समय 08:00 बजे से 09:00 बजे तक और दोपहर की पाली के लिए 01:00 बजे से 02:00 बजे तक तय किया गया है। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
1 जून से मिलेगी परीक्षा केंद्र की जानकारी
पर्षद ने बताया कि अभ्यर्थी 01 जून 2026 से आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर अपनी परीक्षा तिथि और परीक्षा केंद्र जिले की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके बाद निर्धारित समय पर ई-एडमिट कार्ड डाउनलोड किया जा सकेगा। एडमिट कार्ड में अभ्यर्थी का नाम, पिता का नाम, परीक्षा केंद्र, शिफ्ट और अन्य जरूरी निर्देश अंकित रहेंगे।
फोटो आईडी साथ ले जाना जरूरी
परीक्षा केंद्र में प्रवेश केवल ई-एडमिट कार्ड और वैध फोटो पहचान पत्र के आधार पर मिलेगा। आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। जिन अभ्यर्थियों के पहचान पत्र पर फोटो स्पष्ट नहीं होगी, उन्हें अतिरिक्त प्रमाणित फोटो दस्तावेज प्रस्तुत करना पड़ सकता है।
OMR शीट में गलती पड़ सकती है भारी
लिखित परीक्षा OMR आधारित होगी। अभ्यर्थियों को उत्तर पुस्तिका भरने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पर्षद ने कहा है कि गलत भराव या निर्देशों का पालन नहीं करने पर OMR शीट अमान्य घोषित की जा सकती है। उम्मीदवारों को परीक्षा से पहले OMR शीट का अभ्यास करने की सलाह दी गई है।
इलेक्ट्रॉनिक सामान पर पूरी तरह रोक
परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर समेत किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर बिहार लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम 2024 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।पर्षद ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने और परीक्षा केंद्र पर अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें - नालंदा स्कूल में मचा हड़कंप! मिड-डे मील खाते ही एक-एक कर गिरने लगे बच्चे, शिक्षक भी हुए बीमार