न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: परिसीमन के मुद्दे पर झारखंड में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. इस बीच कांग्रेस नेता बंधु तिर्की ने घोषणा की है कि 2 अगस्त को परिसीमन के विरोध में आदिवासी महा जुटान रैली आयोजित की जाएगी. उन्होंने दावा किया कि इस रैली में लाखों लोगों की भागीदारी होगी और परिसीमन के खिलाफ जोरदार आवाज उठाई जाएगी.
बंधु तिर्की ने आरोप लगाया कि परिसीमन के बहाने भाजपा आदिवासी समुदाय की राजनीतिक हिस्सेदारी कमजोर करना चाहती है. उनका कहना है कि भाजपा की मंशा आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या कम करने की है. उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई परिसीमन की प्रक्रिया के खिलाफ नहीं, बल्कि 'भाजपा के हिडन एजेंडे' के खिलाफ है. बंधु तिर्की ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर जल्द ही Rahul Gandhi से मुलाकात की जाएगी और पूरे मामले से उन्हें अवगत कराया जाएगा. साथ ही, झारखंड के राज्यपाल से भी मिलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा.
परिसीमन के मुद्दे पर रणनीति तैयार करने के लिए रविवार को ऑल पार्टी मीटिंग बुलाई गई थी. बंधु तिर्की ने कहा कि इस बैठक में कांग्रेस और वामपंथी दलों ने हिस्सा लिया, लेकिन JMM और RJD ने इसमें कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई. बंधु तिर्की ने कहा कि उन्हें राजद से अधिक उम्मीद नहीं थी. उन्होंने कहा कि परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर सभी दलों को एकजुट होकर आदिवासी समाज की आवाज बुलंद करनी चाहिए. उन्होंने लोगों से 2 अगस्त की प्रस्तावित आदिवासी महा जुटान रैली में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील भी की.
यह भी पढ़ें: झारखंड से हज-2027 के लिए आवेदन शुरू, 20 जुलाई तक करें ऑनलाइन अप्लाई