न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है. युवक का शव उसके किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अनुराग के रूप में हुई है, जो चतरा जिले का निवासी बताया जा रहा है और रांची में रहकर पढ़ाई या नौकरी कर रहा था. बताया जा रहा है कि रविवार शाम जब उसका रूम पार्टनर कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा खोलने पर अनुराग का शव फंदे से लटका मिला. इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया. प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को आत्महत्या की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
पुलिस कमरे से मिले साक्ष्यों, मोबाइल फोन और अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल लालपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें: बिष्टुपुर के डीडी क्लब के बाहर पुलिस के सामने चाकूबाजी, दो युवक गंभीर; कानून-व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल