न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को अलग अंदाज में नजर आए. मुख्यमंत्री खुद कार चलाकर रांची से कुछ ही दूरी पर स्थित Jonha Falls पहुंचे, जहां उन्होंने प्रकृति की खूबसूरती के बीच कुछ सुकून भरे पल बिताए. मुख्यमंत्री ने जोन्हा फॉल की हरी-भरी वादियों, निर्मल जलधारा और पहाड़ों के मनमोहक नजारों का आनंद लिया. इस दौरान उन्होंने स्थानीय फलों का स्वाद भी चखा और आसपास मौजूद लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना.
वहीं सीएम हेमंत सोरेन ने इसकी तस्वीर भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट फेस्बूक पर साझा की. तस्वीर साझा करते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने लिखा, 'आज रांची शहर से कुछ ही दूरी पर स्थित जोन्हा फ़ॉल की हरी-भरी वादियों के बीच कुछ पल बिताने का अवसर मिला. इस बीच वहां फलों का भी आनंद लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत भी हुई प्रकृति की गोद में बहती निर्मल जलधारा, घने जंगलों की हरियाली और पहाड़ों का शांत सौंदर्य बार-बार यह एहसास कराता है कि झारखंड प्रकृति का अनुपम उपहार है. यह हमारी साझी धरोहर है, जिसे सहेजना और संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. झारखंड के किसी भी कोने में आप चले जाइए, प्रकृति अपने अलग-अलग रंगों में आपका स्वागत करती दिखाई देगी. झारखंड की इस अनुपम धरती पर सभी सैलानियों का हार्दिक स्वागत है, जोहार.'
यह भी पढ़ें: बरवाडीह में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2026 का शुभारंभ, 5 वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जा रही पोलियो की दवा