न्यूज11 भारत
चतरा/डेस्क: नक्सल विरोधी अभियान के बीच पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है. केरेडारी और चतरा पिपरवार के बॉर्डर पर पुलिस के साथ मुठभेड़ में 4 नक्सलियों के ढेर होने की खबर है. चतरा एसपी ने मुठभेड़ और नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है. बताया जा रहा है कि कुख्यात नक्सली शाहदेव समेत अन्य नक्सली ढेर हुए हैं. मारे गए नक्सलियों में 15 लाख का इनामी सब-जोनल कमांडर सहदेव महतो और छत्तीसगढ़ से आई महिला नक्सली नताशा के शामिल होने की खबर है. चतरा के पिपरवार और हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र स्थित बटुका जंगल में यह मुठभेड़ हुई. गुप्त सूचना के आधार पर जिला पुलिस और कोबरा बटालियन ने साझा ऑपरेशन चलाया. खुद को घिरा देख नक्सलियों ने फायरिंग शुरू की, जिसके जवाब में जवानों ने चार नक्सलियों को मौके पर ही ढेर कर दिया. घटनास्थल से दो AK-47, एक अमेरिकन राइफल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं. चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि इलाके में अभी भी सघन सर्च ऑपरेशन जारी है. इस कामयाबी को झारखंड में नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक ऐतिहासिक जीत माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: सगाई से पहले प्यार का खौफनाक अंत! प्रेमिका ने वीडियो कॉल पर प्रेमी को दिखाई अपनी मौत, इलाके में सनसनी!