मनीष मंडल/न्यूज 11 भारत
बेंगाबाद/डेस्क: गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत बघरा गांव में आयोजित श्री श्री 108 रामचरितमानस नवाह पारायण महायज्ञ में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. सोमवार की देर शाम यज्ञ स्थल पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया.
काशी और वाराणसी से विशेष रूप से पधारे विद्वान पंडितों के दल ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा की आरती संपन्न कराई. शंख-ध्वनि, घंटे-घड़ियाल और मंत्रों की गूंज से यज्ञ मंडप परिसर गूंज उठा. दीपों की कतार और धूप-अगरबत्ती की सुगंध से पूरा वातावरण अलौकिक हो गया.
इस धार्मिक अनुष्ठान में यज्ञ समिति अध्यक्ष दिलीप रजक, कार्यकारी अध्यक्ष सरयु गोप, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार और दिनेश शर्मा सहित समिति के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे. आयोजन में हजारों की संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया. श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित किया और सुख-समृद्धि की कामना की.
गंगा आरती के समापन के बाद सभी भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. श्रद्धालु देर रात तक भजन-कीर्तन में लीन रहे. यज्ञ समिति अध्यक्ष दिलीप रजक व कार्यकारी अध्यक्ष सरयु गोप ने बताया कि श्री रामचरितमानस नवाह पारायण महायज्ञ का आयोजन क्षेत्र में सुख-शांति, आपसी भाईचारे और विश्व कल्याण की भावना से किया जा रहा है.
नौ दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ में प्रतिदिन रामचरितमानस का पाठ, हवन-पूजन और संध्या काल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. कोषाध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि काशी से आए पंडितों द्वारा की गई गंगा आरती विशेष आकर्षण का केंद्र रही. ग्रामीणों में आयोजन को लेकर भारी उत्साह है और आसपास के गांवों से भी लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं.
यह भी पढ़ें: भीषण सड़क हादसे में झारखंड जगुआर जवान की दर्दनाक मौत, जिलाध्यक्ष ने जताया गहरा शोक