न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार नव वर्ष 2026 के स्वागत एवं 31 दिसंबर 2025 को वर्षांत के अवसर पर लोक शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के संधारण हेतु व्यापक तैयारी की गई है. हर वर्ष की भांति इस बार भी विभिन्न डैम, नदी, जलाशय, जलप्रपात एवं पर्यटक स्थलों (जैसे दशम फॉल, जोन्हा फॉल, हुंडरू फॉल आदि) पर पिकनिक मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के एकत्रित होने की संभावना है.
जिला प्रशासन द्वारा दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई
पिकनिक के दौरान बिना लाइफ जैकेट के बोटिंग, तैराकी या जलक्रीड़ा तथा रेस ड्राइविंग जैसी गतिविधियों से दुर्घटना की आशंका रहती है. साथ ही असमाजिक तत्वों द्वारा मौके का फायदा उठाने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी ससमय अपने स्थल पर पहुंचकर सघन गश्ती एवं सक्रिय निगरानी सुनिश्चित करेंगे.
मुख्य सुरक्षा निर्देशः
(1) नशे की हालत में वाहन चलाने वालों की सघन जांच की जाएगी. ऐसे वाहनों को जब्त कर चालक को पैदल जाने दिया जाएगा एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
(2) रेस ड्राइविंग करने वालों के वाहन जब्त किए जाएंगे एवं पैदल जाने दिया जाएगा.
(3) महिलाओं/युवतियों से छेड़छाड़ करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी एवं पकड़े जाने पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
(4) जलाशयों में बोटिंग केवल लाइफ जैकेट पहनने वालों को ही अनुमति होगी. बिना लाइफ जैकेट के तैराकी/जलक्रीड़ा पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी.
(5) जलप्रपात के गिरने वाले स्थान के आसपास लोगों को जाने से रोका जाएगा, ताकि फिसलन से होने वाली दुर्घटना रोकी जा सके.
(6) अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बुंडू द्वारा दशम फॉल में स्थानीय गोताखोरों की व्यवस्था एवं खतरनाक स्थलों को चिन्हित कर निषेध व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.
(7) सदर अनुमंडल के सभी पुलिस उपाधीक्षक विभिन्न जलाशयों, डैम एवं तालाबों में गोताखोरों की तैनाती एवं खतरनाक स्थलों पर निषेध व्यवस्था करेंगे.
(8) सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी अपने क्षेत्र के पिकनिक स्थलों पर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे.
(9) सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी प्रत्येक 02 घंटे में खैरियत प्रतिवेदन अनुमंडल पदाधिकारी/नगर नियंत्रण कक्ष को भेजेंगे.
यातायात एवं चिकित्सा व्यवस्थाः
- यातायात पुलिस की पर्याप्त तैनाती की गई है.
- सिविल सर्जन, रांची द्वारा 04 एम्बुलेंस चिकित्सकों, मेडिकल दल एवं जीवन रक्षक दवाओं सहित 31 दिसंबर 2025 की पूर्वाह्न 07:00 बजे से 01 जनवरी 2026 तक जिला नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त की गई हैं.
जिला प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन सभी नागरिकों से अपील करता है कि नव वर्ष का उत्सव सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें. किसी भी आपात स्थिति में नियंत्रण कक्ष या नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें.
ये भी पढ़ें- विजय हजारे ट्रॉफी: झारखंड की दूसरी जीत, पॉन्डिचेरी को 133 रनों के बड़े अंतर से हराया