संदीप बरनवाल/न्यूज़11भारत
गावां/डेस्क: गावां अंचलाधिकारी अभिषेक कुमार ने शनिवार को पटना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाकर अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया. कार्रवाई के बाद जब्त ट्रैक्टर को गावां थाना को सुपुर्द कर दिया गया. प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया.
जानकारी के अनुसार सीओ को गुप्त सूचना मिली थी कि पटना क्षेत्र से बिना वैध कागजात के बालू का अवैध परिवहन किया जा रहा है. सूचना के आधार पर अंचल प्रशासन की टीम ने जांच अभियान चलाया. इस दौरान एक ट्रैक्टर पर बालू लदा पाया गया. जांच के क्रम में चालक से बालू परिवहन से संबंधित चालान एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की मांग की गई, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया.
सीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि अवैध खनन और बालू परिवहन के खिलाफ प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार बिना अनुमति बालू उठाव एवं परिवहन करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. मामले की रिपोर्ट एवं जब्त वाहन से संबंधित विवरण आगे की कार्रवाई के लिए गिरिडीह माइनिंग विभाग को भेज दिया गया है.
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए समय-समय पर छापेमारी अभियान चलाया जाएगा. प्रशासन ने बालू कारोबार से जुड़े लोगों को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है.
यह भी पढ़ें: चांडिल में मुख्यमंत्री पशुधन योजना अंतर्गत 24 लाभुकों के बीच 16 यूनिट बतखों का किया गया वितरण