प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत गुरुवार को छेंचा पंचायत के चपरी मेला टांड़ में भाकपा माले की ओर से जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व भाकपा माले के वरीय नेता सह लोकल कमिटी सचिव कॉमरेड कमलेश सिंह ने किया. इस दौरान महिला-पुरुष कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने गांव में भ्रमण कर चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया के विरोध में नारेबाजी की.
प्रदर्शन के दौरान “वोट चोर गद्दी छोड़”, “SIR को रद्द करो”, “ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करो”, “लोकतंत्र पर हमला बंद करो” और “मताधिकार पर हमला बंद करो” जैसे नारे लगाए गए. इसके बाद प्रदर्शनकारी मेला टांड़ के मुख्य चौराहे पर पहुंचे, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले की झाड़ू से पिटाई कर विरोध जताया गया. साथ ही पुतला दहन भी किया गया.
मौके पर कॉमरेड कमलेश सिंह ने कहा कि SIR के नाम पर मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा जरूरी है और इसके लिए भाकपा माले का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.
भाकपा माले जिला कमिटी के नेता सह रसोइया संघ के प्रखंड प्रभारी रमेश प्रसाद सिंह ने कहा कि मामला केवल मतदाता सूची से नाम हटाए जाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था के कमजोर होने का खतरा है. उन्होंने SIR की प्रक्रिया को तत्काल रद्द करने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने दावा किया कि झारखंड में भी SIR के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की बात सामने आ रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है.
उन्होंने कहा कि मताधिकार प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और इसकी रक्षा के लिए आम जनता को भी आगे आना होगा. उन्होंने लोगों से लोकतंत्र एवं मताधिकार की रक्षा के लिए चल रहे आंदोलन में शामिल होने की अपील की.
प्रदर्शन के दौरान त्रिवेणी सिंह, अजन्ती देवी, शांति देवी सहित कई ग्रामीणों ने भी अपने विचार रखे. सभी ने SIR प्रक्रिया का विरोध करते हुए मतदाता सूची में नाम सुरक्षित रखने और मताधिकार की रक्षा की मांग उठाई. कार्यक्रम के अंत में प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया.
इसे भी पढ़ें: रामपुर रिंग रोड के पास दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर... तीन युवकों की मौत