न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: आगामी श्रावण मेला 2026 को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-114A के बासुकीनाथ–देवघर खंड पर यात्री सुविधाओं एवं सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है. इसी क्रम में बासुकीनाथ से देवघर तक 45.159 किलोमीटर लंबी फोर-लेन परियोजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे लाखों श्रद्धालुओं एवं आम यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी.
श्रावण मास के दौरान सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पैदल आने वाले लाखों कांवड़िये बाबा बैद्यनाथ धाम एवं बासुकीनाथ मंदिर तक पहुंचते हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परियोजना के अंतर्गत 36.044 किलोमीटर लंबा एवं 3.5 मीटर चौड़ा समर्पित कांवड़िया पथ विकसित किया जा रहा है. इससे कांवड़ यात्रियों और सामान्य वाहनों के लिए अलग-अलग आवागमन व्यवस्था सुनिश्चित होगी, जिससे यातायात संचालन अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनेगा.
परियोजना के अंतर्गत बासुकीनाथ, सहारा, तालझारी, घोरमारा एवं देवघर बाईपास सहित कुल 28.677 किलोमीटर बाईपास का निर्माण किया जा रहा है. साथ ही सर्विस रोड, स्लिप रोड, फ्लाईओवर, रेल ओवर ब्रिज, अंडरपास एवं अन्य सड़क सुरक्षा संरचनाएं विकसित की जा रही हैं, जो यात्रियों को आधुनिक एवं सुरक्षित सड़क अवसंरचना उपलब्ध कराएंगी.
NHAI द्वारा श्रावण मेला को ध्यान में रखते हुए संबंधित परियोजना खंडों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. सड़क मरम्मत, गड्ढामुक्त मार्ग, जल निकासी व्यवस्था, सड़क संकेतक, रिफ्लेक्टिव मार्किंग, सुरक्षा बैरियर एवं साफ-सफाई संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है. साथ ही विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं को निर्बाध एवं सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
इस अवसर पर NHAI, क्षेत्रीय कार्यालय रांची के क्षेत्रीय अधिकारी ने कहा की “श्रावण मेला झारखंड एवं देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है. NHAI श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है. बासुकीनाथ–देवघर फोर-लेन परियोजना में विकसित किया जा रहा समर्पित कांवड़िया पथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सड़क सुरक्षा को नई मजबूती प्रदान करेगा. हमारी टीम श्रावण मेला से पूर्व आवश्यक सड़क सुरक्षा एवं यात्री सुविधा संबंधी सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने हेतु सतत कार्य कर रही है.”
बासुकीनाथ–देवघर फोर-लेन परियोजना के पूर्ण होने से न केवल सड़क सुरक्षा एवं यातायात संचालन में सुधार होगा, बल्कि बाबा बैद्यनाथ धाम, बासुकीनाथ मंदिर, त्रिकूट पर्वत एवं अन्य प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी अधिक सुगम होगी. इससे क्षेत्रीय पर्यटन, व्यापार एवं आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी.
यह भी पढ़ें- भाजपा किसान मोर्चा ने दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र में प्राकृतिक खेती कार्यशाला का किया आयोजन