न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: बीजेपी महानगर कार्यालय में आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया. इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे. संगोष्ठी में विधायक सीपी सिंह, विधायक नवीन जायसवाल, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू के अलावा सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता भी शामिल हुए.
अपने संबोधन में रघुवर दास ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अनेक विपत्तियों का सामना करते हुए शिक्षा और राष्ट्रनिर्माण पर विशेष ध्यान दिया. उन्होंने कहा, "उन्होंने राष्ट्रनिर्माण में लगे कार्यकर्ताओं की एक बड़ी फौज तैयार की." पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने पूंजीवाद और साम्यवाद के खिलाफ रह कर एकात्म मानववाद को सिद्ध किया और अंत्योदय के सपने को भी मूर्त रूप दिया. रघुवर दास ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसी दृष्टिकोण पर चलते हुए समाज के पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों तक सहायता पहुंचाने का काम कर रहे हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा, "दीनदयाल उपाध्याय के अनुयायी होने के नाते मेरी यह अपील है कि स्वदेशी अपनाएं. रक्षा के क्षेत्र में भी हम आत्मनिर्भर बन चुके हैं." उन्होंने संगोष्ठी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया.
यह भी पढ़े: रांची के सिमलिया में तेंदुए की दहशत, पंजों के निशान और मल मिलने से गांव में डर का माहौल