न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है. बुधवार को राजधानी रांची में अल्बर्ट एक्का चौक से पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला, जिसमें बाइक दस्ते के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा. फ्लैग मार्च के दौरान शहर के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अफवाह या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शहर और ग्रामीण इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है. इसके तहत ड्रोन कैमरों की मदद से कई क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी.
रांची पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी लगातार मॉनिटरिंग कर रही है ताकि भड़काऊ पोस्ट या अफवाह फैलाने वाले तत्वों की पहचान की जा सके. प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है. सुरक्षा के मद्देनजर जिले में करीब 1000 जवानों की तैनाती की जा रही है. फ्लैग मार्च और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के दौरान सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, एएसपी कोतवाली, एसडीएम, डीएसपी और विभिन्न थाना प्रभारी मौजूद रहे. प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि लोग शांतिपूर्ण माहौल में बकरीद मना सकें.
यह भी पढ़ें- Jharkhand Cabinet Meeting: झारखंड कैबिनेट की बैठक संपन्न, कुल 39 प्रस्ताव पारित