न्यूज़11 भारत
नेशनल/डेस्क: गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) और भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने समुद्री ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए कच्छ के समुद्री क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाकर भारी मात्रा में कोकीन बरामद की है. अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1150 करोड़ रुपये आंकी गई है. यह ऑपरेशन 25 और 26 मई 2026 की रात मुंद्रा तट के पास चलाया गया. खुफिया जानकारी मिलने के बाद भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात ATS ने मिलकर समुद्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और कार्रवाई को अंजाम दिया.
सफेद पाउडर से भरे 115 पैकेट मिले
अभियान के दौरान मुंद्रा एंकरिंग क्षेत्र में खड़े एक कंटेनर जहाज 'एमवी यूरोप' पर संदेह हुआ. अधिकारियों ने देखा कि जहाज से कुछ बैग समुद्र में फेंके जा रहे हैं. इसके बाद तटरक्षक बल की इंटरसेप्टर नौकाओं और ATS टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया. खराब दृश्यता और रात के अंधेरे के बावजूद टीम ने समुद्र से पांच बैग बरामद किए. जांच में इन बैगों से सफेद पाउडर से भरे 115 पैकेट मिले, जिनका कुल वजन लगभग 115 किलोग्राम बताया गया. प्राथमिक जांच में पुष्टि हुई कि यह पदार्थ कोकीन है.
पाकिस्तान के पोर्ट कासिम से आया था कोकीन
सूत्रों के अनुसार, जहाज पाकिस्तान के पोर्ट कासिम से आया था. मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है. जांच एजेंसियां अब इस तस्करी नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय संबंधों और अन्य संभावित आरोपियों की जानकारी जुटाने में लगी हैं. अधिकारियों का कहना है कि समुद्री मार्ग से नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए आगे भी इस तरह के संयुक्त अभियान जारी रहेंगे.
यह भी पढ़ें- India Book of Records में दर्ज हुई इशांक की उपलब्धि, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कार्यालय में किया सम्मानित