गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार और सिंडिकेट संचालकों के खिलाफ स्थानीय प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन हाइवा और एक ट्रैक्टर को जब्त किया. पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है.
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-18 (NH-18) स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास अवैध बालू की बड़ी खेप गुजरने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना के आधार पर बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धर्मकांटा के पास घेराबंदी कर जांच अभियान चलाया. इस दौरान संदिग्ध स्थिति में खड़े तीन हाइवा वाहनों को रोका गया.
जांच के दौरान तीनों हाइवा में अवैध बालू लदा पाया गया. वाहन चालकों से जब वैध माइनिंग चालान और आवश्यक दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद पुलिस ने जिला खान विभाग को सूचना देकर मौके पर बुलाया और खान विभाग के सहयोग से तीनों वाहनों को जब्त कर लिया.
इसी अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को भी पकड़ लिया. सभी जब्त वाहनों को कड़ी सुरक्षा के बीच बहरागोड़ा थाना परिसर में रखा गया है.
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद बहरागोड़ा एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय बालू सिंडिकेट संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल है. बताया जा रहा है कि कई कारोबारी और सिंडिकेट से जुड़े लोग फिलहाल भूमिगत हो गए हैं.
पुलिस ने संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि अवैध खनन और बालू तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा.
यह भी पढ़ें: बेंगाबाद बीडीओ सुनील कुमार मुर्मू की अध्यक्षता में बेंगाबाद में बिरसा हरित ग्राम योजना क्रेता-विक्रेता सम्मेलन आयोजित