न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: आजसू पार्टी के केंद्रीय नेताओं का एक दल सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में बुधवार को धनबाद पहुंचेगा और बांसजोड़ा में कोयला माफिया के हमला में घायल नेता हीरालाल महतो तथा झूठे मुकदमे में गिरफ्तार रजनी रवानी के परिजनों से मुलाकात करेगा. इसके अलावा उपायुक्त तथा एसएसपी को घटना की सच्चाई से अवगत करवाया जाएगा. पार्टी प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो के निर्देश पर केंद्रीय नेताओं की टीम गठित की गई है, जिसमें सांसद के अलावा विधायक निर्मल महतो, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, बोकारो जिप उपाध्यक्ष बबीता देवी एवं धनबाद जिप उपाध्यक्ष सरिता देवी को शामिल किया गया है.
केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि विगत 20 मई को धनबाद के लोयाबाद थाना के बांसजोड़ा में रजनी रवानी के आवास पर कोयला माफिया ने हमला कर हीरालाल महतो समेत कई लोगों को घायल कर दिया था तथा एक घायल की मौत हो गई थी. आजसू नेता अवैध कोयला खनन का विरोध कर रहे थे और हमले से कुछ देर पहले ही उनलोगों ने थाना में कोयला माफिया के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी. प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि इस प्रकरण में कोयला माफिया के इशारे पर आजसू नेताओं को फंसाया जा रहा है. हमले में घायल रजनी रवानी को ही जेल भेज दिया गया है और दर्जनों कार्यकर्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है.
यह भी पढ़ें- झारखंड के सभी थानों में लगेंगे हाईटेक CCTV कैमरे, ऑडियो रिकॉर्डिंग की भी होगी व्यवस्था