राहुल कुमार/ न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर लातेहार पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है. पुलिस कप्तान कुमार गौरव के निर्देशानुसार बुधवार को चंदवा पुलिस प्रशासन की ओर से क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों को सुरक्षा का संदेश देने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई.
फ्लैग मार्च की अगुवाई एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता एवं पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अशोक कुमार कर रहे थे. मार्च चंदवा थाना परिसर से शुरू होकर गैरेज लेन, मुख्य बाजार, सुभाष चौक, कंचन नगरी, तिलैयाटांड समेत विभिन्न संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों से गुजरते हुए पुनः थाना पहुंचकर समाप्त हुआ. पुलिस प्रशासन ने लोगों से पर्व के दौरान आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की. इस दौरान एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, भाईचारे और त्याग का पर्व है.
सभी लोग शांति एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाएं. उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलाए जाने वाले भ्रामक, अफवाहपूर्ण एवं भेदभाव फैलाने वाले संदेशों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट या संदेश साझा न करें. ऐसे मामलों पर पुलिस प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है तथा अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फ्लैग मार्च में चंदवा थाना के कई पुलिस अधिकारी, जवान एवं सुरक्षा बल के कर्मी शामिल थे. प्रशासन ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की भी अपील की.
यह भी पढ़ें: अशोक परियोजना कर्मी रमेश उरांव दो दिनों से लापता, बंद खदान में तलाश जारी, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल