न्यूज11 भारत
लोहरदगा/डेस्क: लोहरदगा/कुड़ू. पासवा के वृक्षारोपण अभियान के तहत आज लोहरदगा जिला के कुड़ू प्रखंड अंतर्गत ओपा गांव में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में पासवा के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव, पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव, रोहित उरांव, मेहुल दुबे, निक्षित जायसवाल,ऐनुल अंसारी सहित कई गणमान्य लोगों ने पौधारोपण किया.
इस अवसर पर सभी ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प दोहराया. वक्ताओं ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है. पासवा द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य बच्चों, युवाओं और आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है.
डॉ. रामेश्वर उरांव, मुख्य संरक्षक पासवा ने कहा: “पेड़-पौधे हमारे जीवन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं. पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज के हर वर्ग को आगे *आकर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए.”
आलोक कुमार दूबे, राष्ट्रीय अध्यक्ष पासवा ने कहा: “पासवा का वृक्षारोपण अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण बचाने और नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाने का अभियान है. हमारा लक्ष्य है कि हर बच्चा कम से कम एक पौधा लगाए और उसे अपने परिवार के सदस्य की तरह संरक्षित करे.”
लाल किशोर नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष पासवा ने कहा: “आज पर्यावरण संतुलन के लिए वृक्षारोपण सबसे जरूरी कार्यों में से एक है. लगाए गए प्रत्येक पौधे को जीवित रखना और उसका संवर्धन करना हम सभी की जिम्मेदारी है.”
रोहित उरांव ने कहा: “प्रकृति की रक्षा के बिना स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की कल्पना नहीं की जा सकती. पासवा के इस अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा.”
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया.
यह भी पढ़ें: पलामू में वज्रपात का कहर, तरहसी के भालोगाड़ी में मकई के खेत में काम कर रहे 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत